पानीपत। सफाई के ठेके को तीन माह तक बढ़ाने की मंजूरी लेने के लिए नगर निगम आयुक्त साहिल गुप्ता शुक्रवार को खुद चंडीगढ़ पहुंच गए हैं। वे अतिरिक्त मुख्य सचिव विकास गुप्ता और निदेशक यशपाल यादव से मिलने गए हैं। ताकि सफाई के टेंडर को आगे बढ़ाने के विषय पर चर्चा कर सकें। आचार संहिता के चलते टेंडर को आगे बढ़ाने की मंजूरी सीएम कार्यालय और चुनाव आयोग से भी लेनी होगी। इन्हीं कामों और चर्चा के लिए आयुक्त चंडीगढ़ रवाना हुए। अब शनिवार रविवार को अवकाश रहेगा। इसलिए अनुमान है कि सोमवार तक निगम को ये अनुमति मिल सके।
दूसरी ओर निगम और सफाई कर्मचारी भी शहर की सफाई को लेकर खानापूर्ति कर रहे हैं। कहीं सफाई कर्मचारी शहर की सड़कों को चमका रहे हैं तो कहीं कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। शहर में सैकड़ों टन कूड़ा जमा हो गया है। जिसका न तो सही से उठान हो पा रहा है और न ही सफाई कर्मियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश मिल पा रहे हैं। अब तक दोनों एजेंसियों के ये सफाई कर्मी महज आश्वासन पर अपने अपने काम पर डटे हुए हैं। जिसका खामियाजा शहर के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बताया जा रहा है कि इससे पहले अतिरिक्त मुख्य सचिव व शहरी स्थानीय निकाय निदेशक अवकाश पर चल रहे थे। इसी वजह से सफाई के ठेके को मंजूरी मिलने में देरी हुई है। वहीं, निगम आयुक्त व्यक्तिगत तौर पर सफाई कर्मियों को आश्वासन भी दे चुके थे कि अगर इसके लिए उन्हें खुद मुख्यालय जाना पड़ा तो वे जाएंगे।
सफाई कर्मियों के प्रधान राहुल ने कहा कि अब तक मुख्यालय से अनुमति नहीं मिली है। इसे लेकर वे शुक्रवार को आयुक्त साहिल गुप्ता, जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, विधायक प्रमोद विज से भी मिले। सभी ने आश्वासन दिया है कि दो से तीन दिन में अनुमति का पत्र आ जाएगा। अब इस आश्वासन पर ही काम चालू कराया जा रहा है।
वर्जन:
एजेंसिंयों के सफाई कर्मी को ठेका बढ़ाने का आश्वासन दिया गया है। इसी सिलसिले में आयुक्त मुख्यालय गए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही इसकी अनुमति मिल जाएगी।
मनी त्यागी, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम।