अंबाला। पुलिस महानिरीक्षक (अंबाला मंडल) पंकज नैन ने बुधवार को कार्यालय में अंबाला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र के पुलिस अधीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करना और अपराध पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करना था। बैठक में लंबित और अनसुलझे जघन्य अपराध की गहन समीक्षा की गई। आईजी ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों का शीघ्र खुलासा कर अपराधियों को सलाखों के पीछे भेजा जाए, वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीने और जुआ खेलने वालों पर सख्त निगरानी के निर्देश भी दिए, ऐसे ठिकानों पर नियमित कार्रवाई कर उन्हें पूरी तरह समाप्त करने को कहा गया, इसके अलावा सभी होटलों, गेस्ट हाउसों और धर्मशालाओं में ठहरने वाले व्यक्तियों का सत्यापन अनिवार्य कर दिया गया है।
नियमों का उल्लंघन करने वाले संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए। बैठक में वाहन चोरी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए ताकि आरोपियों की पहचान कर चोरी के वाहनों की जल्द बरामदगी हो सके। अराजक तत्वों और बदमाशों के खिलाफ कड़े कानूनी कदम उठाने और पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए ताकि आमजन में सुरक्षा की भावना बनी रहे। आईजी ने निर्देश दिए कि धार्मिक संस्थाओं के प्रबंधन से समन्वय कर वहां उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाएं ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके।