राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पानीपत के सभी स्टाफ सदस्यों व विद्यार्थियों द्वारा विश्व युवा कौशल दिवस मनाया गया। पानीपत में अप्रेंटिसशिप की छात्रा स्नेहा ने अप्रेंटिसशिप करने के उपरांत सितंबर 2020 में आयोजित 110वीं अखिल भारतीय ट्रेड टेस्ट में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिसकी कुशलता को प्रधानमंत्री द्वारा काफी सराहा गया। प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा संचालित विभिन्न वेबिनार के लिंक को ज्वाइन करके सभी स्टाफ सदस्यों व सभी विद्यार्थियों ने पूरा प्रसारण देखा व सुना। स्नेहा को विश्व कौशल दिवस पर प्रधानमंत्री द्वारा सम्मानित किया गया।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पानीपत के नोडल अधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार ने बताया कि कौशल विकास योजना को बढ़ावा देने के लिए सरकार की तरफ से अनुसूचित जाति के प्रशिक्षणार्थियों व महिला प्रशिक्षणार्थियों को मुफ्त टूल किट दी जाती है। महिला प्रशिक्षणार्थियों के लिए महिला संस्थान व सभी सह शिक्षा संस्थानों की भी 30 प्रतिशत सीट पर निशुल्क प्रशिक्षण का प्रावधान है। कौशल विकास योजना के चलते देश का प्रथम श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय हरियाणा के पलवल जिले में स्थापित किया गया है।