गांव नारायणा के एक युवक ने गांव के ही दो युवकों पर उसके साथ मारपीट करने और दो हजार रुपये छीनने का आरोप लगाया है। पुलिस को दी शिकायत में दिनेश कुमार ने बताया कि उसने शाम करीब साढ़े पांच बजे गांव के ही सिद्धांत के साथ एटीएम से 11 हजार रुपये निकाले। जिसमें से नौ हजार रुपये सिद्धांत को दिए और दो हजार रुपये अपने पास रख लिए। उसके बाद गांव के लिए निकले और नारायणा फाटक के पास गांव निवासी दो भाई सुलेंद्र एवं संदीप बाइक पर उनके पीछे लग गए। नारायणा पुल से कुछ पहले उन्होंने बाइक अड़ाकर रोकना चाहा लेकिन वे किसी तरह से बच निकले। डर की वजह से वह सिद्धांत के घर छिप गया। दोनों भाई वहां भी पहुंच गए और बेरहमी पिटाई करते हुए दो हजार रुपये छीन लिए। परिजनों व पड़ोसियों ने बीच बचाव किया तो आरोपी धमकी देकर फरार हो गए। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।