संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। चौधरी देवीलाल मेमोरियल कन्या पीजी महाविद्यालय सिवाह की छह छात्राओं ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के एमए इतिहास विषय के प्रथम सेमेस्टर के परीक्षा परिणाम के टॉप-10 में स्थान बनाया है। इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी ने बताया कि छात्रा मनदीप ने 500 अंकों में से 392 अंक प्राप्त करके द्वितीय स्थान, कोमल ने 389 अंक के साथ तृतीय, तनु ने 388 अंकों के साथ चतुर्थ, निकिता ने 384 अंकों के साथ छठा, तमन्ना ने 376 अंकों के साथ आठवां तथा ज्योति ने 368 अंकों के साथ नौवां स्थान प्राप्त किया।
कॉलेज के प्रधान देवेंद्र सिंह कादियान, महासचिव लाभ सिंह कादियान और समिति के महासचिव जयप्रकाश कादियान ने छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि एक ही विषय इतिहास में छह छात्राओं का टॉप-10 में उपस्थिति दर्ज करवाना कॉलेज की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने इतिहास विभाग के सभी स्टाफ को भी बधाई दी जिन्होंने छात्राओं को सफलता के टिप्स दिए। इतिहास विभागाध्यक्ष डॉ. मीनाक्षी, कार्यवाहक प्राचार्या डॉ. सुमनलता, प्रोफेसर रितु तथा प्रोफेसर सुमन ने भी छात्राओं को बधाई दी।