क्लर्क पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर एक दंपती समेत तीन ने मिलकर एक युवक से साढे़ छह लाख रुपये ठग लिए। युवक ने तीनों के खिलाफ मॉडल टाउन थाने में धोखाधड़ी की शिकायत दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में कृष्ण कुमार पुत्र जिले सिंह निवासी गांव बाल रांगडान, जिला करनाल ने बताया कि वह गुरूग्राम में नौकरी करता है। उसने गत 2019 में हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन बोर्ड में क्लर्क पद के लिए आवेदन किया था। जिसकी परीक्षा देने के लिए गत 23 सितंबर 2019 को हिसार गया था। जहां पर उसे विद्यारानी पत्नी लक्ष्मण निवासी तेज कॉलोनी, पानीपत से संपर्क हुआ था। विद्यारानी ने उसे कहा कि उसकी रिश्तेदारी बोर्ड के चेयरमैन के साथ है और वह नौकरी लगवा सकती। उनका साढे़ छह लाख रुपये में सौदा तय है। उसने 24 अक्तूबर तक विद्यारानी, उसके पति लक्ष्मण, उसका बेटा भारत को रुपये सौंप दिए। उन्होंने लिस्ट में नाम आने का आश्वासन दिया, लेकिन जब लिस्ट जारी हुई तो नाम नहीं आया। उसने पैसे वापस मांगे तो विद्यारानी ने झूठे केस में फंसाने व जान से मरवाने की धमकी दी।
चार बार में पानीपत आकर दिए पैसे
कृष्ण ने बताया कि पानीपत में आकर चार बार में विद्यारानी को साढे़ छह लाख रुपये दिए है। जिनमें 14 सितंबर को डेढ़ लाख रुपये विद्यारानी के खाते में ट्रांसफर किए और दो लाख रुपये नकदी दी। यह साढे़ तीन लाख रुपये उसने अपने रिश्तेदार पवन निवासी संजय कॉलोनी के घर बुलाकर दिए। वहीं दूसरी पेमेेंट 24 अक्तूबर एक लाख रुपये ट्रांसफर किए और दो लाख रुपये नकद दिए।
छह माह तक दिया नौकरी लगवाने का आश्वासन
कृष्ण के अनुसार जब उसका लिस्ट में नाम नहीं आया तो उसने विद्यावती को फोन कर सूचना दी। उसने आश्वासन दिया कि वह अभी चेयरमैन से बात करेंगी और जल्द नौकरी लगवाएंगी। वह पांच से छह माह तक ऐसे ही आश्वासन देती रही। अंत में आकर पैसे मांगे तो विद्यावती का असली चेहरा सामने आया। उसने जान से मारने की धमकी दी।
वर्जन
युुवक की शिकायत पर तीन के खिलाफ केस दर्ज किया है, मामले की गहनता से जांच शुरू कर दी है, जांच में जो भी दोषी होगा उसको गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
- सुनील कुमार, मॉडल टाउन थाना प्रभारी।