पानीपत/सनौली। कथावाचक आसाराम बापू और उनके बेटे नारायण साईं के खिलाफ यौन शोषण के मामले के मुख्य गवाह महेंद्र चावला ने एसपी से मिलकर उन पर हुए जानलेवा हमले की निष्पक्ष और समय पर जांच पूरी करने की मांग की। उन्होंने गांव के पूर्व सरपंच ओर पानीपत के एक एडवोकेट को हमलावरों की पूरी जानकारी होने का दावा किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दोनों लोग हमले से कुछ पहले उसके पास आए थे।
उन पर हमला करने वालों में से एक उनके साथ होने का भी महेंद्र ने आरोप लगाया। एसपी ने महेंद्र चावला को निष्पक्ष जांच करने का आश्वासन दिया है।
सनौली खुर्द निवासी महेंद्र चावला वीरवार को एसपी राहुल शर्मा से उनके कार्यालय में मिले।
उन्होंने कहा कि उन पर 13 मई 2015 को गांव में ही जानलेवा हमला हुआ था। वह गोली लगने से घायल हुए थे। उन्होंने कथावाचक आसाराम बापू और उसके बेटे नारायण साईं पर हमला कराने का आरोप लगाया था। वह थाना पुलिस और एसपी को चार बार बयान लिखकर दे चुके हैं, लेकिन पुलिस हमलावरों को काबू नहीं कर पाई है।
महेंद्र चावला ने आरोप लगाया कि हमले से कई दिन पहले एक एडवोकेट और गांव के ही एक पूर्व सरपंच समेत चार लोग उनके पाए थे। उन्होंने आसाराम बापू के मामले में पीछे हटने के लिए कहा था। उन्होंने इससे इनकार कर दिया था। उसने बताया कि दावा किया कि दो में से एक हमलावर इस पूर्व सरपंच और एडवोकेट के साथ था। वे कई बार इनसे पूछताछ की मांग कर चुके हैं, लेकिन हर बार उन्हें टाल दिया जाता है।