पानीपत। श्री श्याम जन्मोत्सव के पावन उपलक्ष्य में हर वर्ष की भांति इस साल भी लखदातार सेवा समिति की ओर से मॉडल टाउन में 10 नवंबर को बाबा श्याम की विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें देश के मशहूूर बैंड, नासिक से ढोल टीम, दक्षिण भारत की झांकियां, हाथ में निशान लिए भक्त दिव्य रथ यात्रा में आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेंगे।
समिति पदाधिकारियों ने इस कार्यक्रम को सबसे प्रथम निमंत्रण महोत्सव के मुख्य अतिथि रहने वाले भगवान श्री खाटू श्याम को समर्पित किया है। लखदातार सेवा समिति के संस्थापक आशु दुआ ने बताया कि इस बार 12 नवंबर को देशभर में श्री श्याम जन्मोत्सव मनाया जाएगा। जबकि वे 10 नवंबर को बाबा की शाही यात्रा के उपलक्ष्य में धूमधाम के साथ मनाने जा रहे हैं। इसे लेकर समिति पदाधिकारियों ने महोत्सव पत्रिका का प्रथम निमंत्रण राजस्थान के सीकर में जाकर श्री खाटू श्याम को चढ़ाया है। निमंत्रण पत्रिका के साथ विशेष रूप से भगवान को चांदी का निशान, नारियल, छत्र, बांसुरी एवं चांदी के ही पुष्प बाबा को समर्पित किए गए हैं। संस्था के वरिष्ठ सदस्य विनय गुप्ता ने बताया यह यात्रा मॉडल टाउन क्षेत्र में आर्य सेवा सदन से प्रारंभ होगी जो नगर भ्रमण करेगी।
इस वर्ष विशेष रूप से बाबा के रथ की अगवानी भारत के नंबर वन जिया बैंड के द्वारा की जाएगी। साथ ही दिल्ली का मशहूर बलदेव बैंड भी बाबा की रथयात्रा में अपनी प्रस्तुति देगा। महाराष्ट्र से विशेष रूप से नासिक ढोल टीम को आमंत्रित किया गया है। 51 लोगों की ये टीम रथयात्रा अपनी अनोखी प्रस्तुति देगी। इस दौरान 101 भक्त अपने हाथों में निशान लेकर रथ के आगे चलेंगे। सुनंद शर्मा ने बताया कि दक्षिण भारत की झांकियां भी इस वर्ष आकर्षण का केंद्र रहेंगी। दिव्य रथ पर सवार होकर हारे के सहारे भगवान श्री खाटू श्याम नगर भ्रमण पर निकलेंगे और लोगों को आशीर्वाद देंगे। इस कार्यक्रम को लेकर श्री खाटू श्याम कमेटी की ट्रस्टी मानवेंद्र चौहान ने अपनी समिति सदस्यों को शुभकामनाएं दी हैं। इस मौके पर एडवोकेट मेहुल जैन, वैभव छाबड़ा, सुनंद शर्मा, विनय गुप्ता आदि मौजूद रहे।