पानीपत। आप रविवार को रोडवेज बसों में सफर करने की सोच रहे हैं तो थोड़ा सा पता कर लें। कहीं आपके रूट की बस बंद तो नहीं है। दरअसल रोडवेज डिपो की 20 बसों को रविवार को कैथल में आयोजित महाराजा शूरसेन जयंती पर आयोजित समारोह में भेजा जाएगा। इन बसों में पानीपत से लोग समारोह में शामिल होंगे। डिपो अधिकारियों ने लोकल और अन्य रूट से 20 बसों को कैथल भेजने का फैसला लिया है। अधिकारियों ने इसको लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी भी कर ली है।
पानीपत डिपो में 168 बसों की मांग के आगे 124 बस हैं। इनमें भी करीब 10 बसों को हर रोज डिपो में सर्विस व तकनीकी मरम्मत के लिए खड़ा करना पड़ता है। यानी सामान्य रूप से 110 से 114 बस ही मुश्किल से संचालन हो पाता है।
डिपो पर रविवार को कैथल में आयोजित महाराजा शूरसेन में 20 बसों को भेजा जाएगा। ये बसें रविवार सुबह जाएंगी। इसके बाद समारोह के बाद देर शाम तक ही पहुंच पाएंगी। डिपो अधिकारियों ने लोकल रूटों की बसों को हटाया है। इसके साथ मध्यम दूरी के रूटों से बसों को लिया है। इन बसों की बाकायदा सूची बनाई है। सभी संबंधित चालक व परिचालकों को बस ले जाने को लेकर दिशा निर्देश दिए गए हैं।
पिछले सप्ताह जींद गई थी 28 बसें
पिछले सप्ताह ही महर्षि वाल्मीकि जयंती पर जींद में प्रदेश स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया था। पानीपत डिपो से 28 बस जींद गई थी। इस दौरान यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। अब कैथल में 20 बसों को भेजा जाएगा। ये बसें जिला के विभिन्न गांवों से कैथल जाएंगी।
वर्जन :
रोडवेज डिपो पानीपत के डीआई कपूर चंद ने बताया कि रविवार को 20 बस कैथल जाएंगी। सभी चालक और परिचालकों को इस बारे में अवगत करा दिया गया है। रविवार की छुट्टी के चलते लोकल रूटों पर यात्रियों की संख्या कम रहती है। ऐसे में लोकल रूटों से बसों को लिया गया है।