समालखा। गेहूं की तोल में हेराफेरी कर किसानों को चूना लगाने के मामले में नई अनाज मंडी समालखा के दो आढ़तियों को मार्केट कमेटी ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है। उपायुक्त वीरेंद्र दहिया ने शुक्रवार शाम को मंडी का निरीक्षण करने के दौरान उक्त गड़बड़झाले को पकड़ा था। वहीं मार्केट कमेटी ने भी इलेक्ट्रिक तोल मशीन अपने कार्यालय में रखवा ली है, ताकि किसी किसान को तोल में गड़बड़ी की आशंका हो तो वह इस पर तोल करा सकता है। मार्केट कमेटी सचिव धर्मेंद्र पाल ने आढ़तियों को नोटिस दिया है। इसके बाद शनिवार को मार्केट कमेटी कार्यालय पहुंचे उक्त आढ़तियों ने अपना पक्ष अधिकारी के सामने रखा। वहीं दूसरी तरफ आढ़ती एसोसिएशन ने भी मीटिंग कर जूट के कट्टों के तोल के दौरान कांटा 580 ग्राम पर और प्लास्टिक के कट्टों में गेहूं के तोल के दौरान कांटा 200 ग्राम पर रखने की बात रखी। सचिव ने बताया कि दोनों आढ़तियों ने अपना पक्षा रखा है। इस संदर्भ में रिपोर्ट बनाकर एसडीएम समालखा को दी जाएगी। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।