पानीपत। जेल से पानीपत के दो व्यापारियों से रंगदारी मांगने के मामले में पानीपत पुलिस लॉरेंस गैंग के शूटर कशिश उर्फ कुलदीप को पंजाब की रोपड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर ले आई है। पुलिस ने उसे तीन दिन के रिमांड पर लिया है। रिमांड के दौरान पुलिस प्रियव्रत उर्फ फौजी की भूमिका के बारे में पूछताछ की जाएगी। आरोप है कि फौजी और कशिश दोनों ने मिलकर शहर के मिष्ठान भंडार के संचालक और डेयरी संचालक से रंगदारी मांगी थी। रंगदारी न देने पर दोनों ने जान से मारने की धमकी दी थी। शूटर कशिश पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में भी शामिल था।
तहसील कैंप थानाक्षेत्र की अलग-अलग कॉलोनियों के दो व्यापारियों से उन्होंने रंगदारी मांगी थी। दोनों की थानाक्षेत्र में ही दुकान एवं डायरी है। शूटरों ने दोनों को एक साथ एक ही समय में टारगेट किया। अधिकारियों ने सुरक्षा के दृष्टिकोण से दोनों व्यापारियों को गनमैन दिए हैं। दोनों की दुकान के बाहर भी पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस गिरफ्तार शूटर कशिश से पूछताछ कर रही है। उन्होंने किसी के कहने पर रंगदारी मांगी थी या कोई पुरानी रंजिश है। इन सब एंगल पर पूछताछ की जा रही है।
शूटर प्रियव्रत उर्फ फौजी युवा अवस्था में गांव के अखाड़ों में पहलवानी कर चुका है। वह बाद में सेना में भर्ती हुआ। उसकी पहली पोस्टिंग महाराष्ट्र के पुणे में हुई थी। वहीं से उसने 10वीं की पढ़ाई पूरी की, लेकिन बाद में वह सेना की नौकरी छोड़कर गांव लौट आया। इसके बाद उसने साथियों के साथ जुलाई 2015 में शराब के नशे में धुत रहने वाले एक शख्स की हत्या कर दी थी। इसके बाद वह लॉरेंस गैंग से जुटा और उसने पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या की।