पानीपत। इंसार बाजार में सलारगंज गेट के पास स्थित शिव मंदिर से शिवलिंग चोरी कर ले गए। बुधवार सुबह भक्त मंदिर में जलाभिषेक करने पहुंचे तो शिव लिंग नहीं मिला। जिसके बाद आस-पास के व्यापारियों में आक्रोश है। उनका कहना है कि यह किसी की शरारत भी हो सकती है। थाना शहर की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला शहर थाना क्षेत्र के इंसार बाजार में सलारगंज गेट के पास करीब 30 साल पहले व्यापारियों के लिए छोटे से शिव मंदिर की स्थापना की गई थी। जिसमें शिवलिंग भी स्थापित किए गए थे। प्रतिदिन आस-पास के लोग व व्यापारी जलाभिषेक करने के पहुंचते हैं।
व्यापारी मुकेश ने बताया कि उनका परिवार प्रतिदिन मंदिर में जाता था। सुबह करीब पांच बजे उनकी माता मंदिर में पहुंची तो शिवलिंग गायब थे। उन्होंने घर पर इसकी सूचना दी। जिसके बाद वह भी मंदिर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी। उधर, मंदिर से शिव लिंग चोरी होने की खबर से व्यापारियों में आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि यह किसी की शरारत हो सकती है। उधर, शहर थाना प्रभारी दीवान सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर चोर की तलाश करने का प्रयास किया जा रहा है।