शिव मंदिर में जलाभिषेक करते भक्त। संवाद
- सुबह से उमड़े भक्त, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक कर मांगीं मन्नतें
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। सावन के आखिरी सोमवार को शिवालयों में शिव भक्तों की आस्था उमड़ी। शिवालय सुबह ही बोल-बम, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठे। आखिरी सोमवार होने से शिवालयों में सुबह ही श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक व रुद्राभिषेक, शहद से अभिषेक कर बेलपत्र, भांग, धतूरा, दही आदि चढ़ाया और नंदी महाराज के कानों में मन्नत मांगी। मॉडल टाउन स्थित सनातन धर्म मंदिर, असंध रोड स्थित शिव मंदिर, सेक्टर-12 स्थित शिव मंदिर के साथ शहर के अन्य शिवालयों में बाबा के जयकारों की गूंज सुनाई दी। सनातन धर्म मंदिर मॉडल टाउन में भजन संध्या के बाद शयन आरती की।
मॉडल टाउन स्थित सनातन धर्म मंदिर के प्रधान तरुण गांधी ने बताया कि सावन के आखिरी सोमवार को सुबह चार बजे आरती की गई उसके बाद ही श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट खोले गए। श्रद्धालु सुबह जलाभिषेक के लिए मंदिर में पहुंचने लगे। कुछ श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज के कानों में मन्नत मांगी। शाम को महिला मंडली की ओर से भजन-कीर्तन और शयन आरती की गई।
सेक्टर-12 स्थित शिव मंदिर के पंडित रामप्रकाश पाठक ने बताया कि मंदिर में सुबह चार बजे बाबा का श्रृंगार कर आरती की गई। सुबह से दोपहर 12 बजे तक श्रद्धालुओं की भीड़ कम नहीं हुई। शिवालय बोल-बम, हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर समिति द्वारा शिवालय में पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को प्रसाद वितरित किया गया। चार बजे के बाद शिवालयों में भजन-कीर्तन हुआ।
शिव मंदिर में जलाभिषेक करते भक्त। संवाद