पानीपत। प्रधानमंत्री मोदी ने 22 जनवरी 2015 को पानीपत की धरती से बेटी बचाओ बेटी-पढ़ाओ अभियान की शुरुआत की थी। उन्होंने यहां से लोगों से बेटियों को बचाने का आह्नान किया था। उस वक्त प्रदेश का लिंगानुपात 811 व पानीपत का 837 था। पानीपत भ्रूण हत्या के लिए बदनाम था। यहां स्वास्थ्य विभाग ने भ्रूण जांच करने वालों के खिलाफ तीन साल में ताबड़तोड़ 80 दबिश दी। उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में भी भ्रूण जांच का भंडाफोड़ किया।
इसका परिणाम यह रहा कि पानीपत का लिंगानुपात 2017 में एक हजार लड़कों पर 947 लड़कियों का पहुंच गया। पानीपत प्रदेश में सबसे अधिक लिंगानुपात वाला जिला बना। इसके बाद पानीपत का लिंगानुपात हिचकोले खा रहा है। 2018 में पानीपत 900 अंक के साथ प्रदेश में लिंगानुपात में अपने सबसे निम्न स्थान 17 वें पर रहा था। मार्च 2023 का लिंगानुपात हाल ही में जारी हुआ है। पानीपत 936 अंक के साथ प्रदेश में सातवें स्थान पर है। सबसे अधिक लिंगानुपात 996 जींद का दर्ज किया गया है। सबसे कम भिवानी का 860 रहा।
दो साल में महज 13 छापेमारी
2021 व 2022 में छापामारी की कमी रही। 2021 में स्वास्थ्य विभाग की पीएनडीटी टीम ने 10 स्थानों पर छापामारी कर भ्रूण जांच का भंडाफोड़ किया। स्वास्थ्य विभाग की टीमें साल भर कोविड की ड्यूटी में व्यस्त रहीं, यही कारण है कि पीएनडीटी की टीमें लिंगानुपात के लिए काम नहीं कर पाई। 2022 में नई टीम का गठन हुआ। ये टीम सवा साल में महज तीन छापामारी कर पाई।
2015 से अब तक पानीपत प्रदेश में किस स्थान पर रहा
साल लिंगानुपात स्थान
2015 837 10 वां
2016 912 15 वां
2017 945 पहला
2018 900 17 वां
2019 939 तीसरा
2020 945 दूसरा
2021 918 नौवां
2022 - 924 आठवां
मार्च का टॉप 10 जिलों का लिंगानुपात-
जिला लिंगानुपात
जींद- 996
कुरुक्षेत्र- 963
सिरसा- 943
फतेहबाद- 940
अंबाला- 939
झज्जर- 939
पानीपत- 936
पलवल- 929
यमुनानगर -914
नूंह- 914
कैथल- 913
रेवाड़ी-907
हिसार -907
फरीदाबाद 907
पंचकूला 904
करनाल -902
गुरुग्राम -902
रोहतक 898
सोनीपत 885
चरखी-दादरी-879
महेंद्रगढ़ 873
सोनीपत -885
भिवानी -860
लिंगानुपात बेहतर करने का कर रहे प्रयास
स्वास्थ्य विभाग की टीम को जहां से भी भ्रूण जांच की जानकारी मिलती है, वहां छापामारी की जाती है। पीएनडीटी की टीमें फील्ड में अपना काम कर रही हैं। गुप्तचरों को भी सक्रिय रखा गया है। पानीपत का लिंगानुपात मार्च का 936 है।
- डॉ. जयंत आहूजा, सिविल सर्जन, पानीपत