गांव बिंझौल में सात आरोपी युवकों ने मिलकर चाचा भतीजा सहित तीन को गंभीर रुप से घायल कर दिया। घायलों को सामान्य अस्पताल भिजवाया गया, जहां से उन्हें खानपुर पीजीआई रेफर कर दिया गया। पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में विक्की पुत्र रामकिशन निवासी गांव बिंझौल ने बताया कि आठ अप्रैल को रात 10 बजे उसका भाई कृष्ण व जगरोशन की आपस में किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। जिनके पास संदीप पुत्र राज सिंह खड़ा था। संदीप नशे की हालत में था। जिसने पीड़ित के भाई कृष्ण को दो थप्पड़ मारे और अपने अन्य साथियों को फोन कर मौके पर बुलाया। मौके पर छोटु पुत्र पीपे, मिथुन पुत्र बोबला, राजेश पुत्र कृष्ण, काला व संदीप अपने हाथ में सरिया व डंडे लेकर आए और कृष्ण के साथ मारपीट शुरू कर दी। पीड़ित व उसका चाचा साधुराम, भाई रमेश व पीड़ित की भतीजी ज्योति ने उन्हें छुडवाने का प्रयास किया। आरोपियों ने पीड़ित के सिर व चाचा के पैर में काफी चोटे पहुंचाई। वहीं भीड़ इकट्ठी होते देख आरोपी मौके से फरार हो गए।