समालखा। चरखी दादरी में आयोजित होने वाली दो दिवसीय राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता के लिए पानीपत के खिलाडि़यों के चयन कर लिया गया है। बुधवार शाम को मनाना के राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मैदान पर इसके लिए ट्रायल की गई। जिसमें 30 महिला-पुरुष सीनियर खिलाडि़यों का चयन किया गया। हरियाणा रेफरी बोर्ड के चेयरमैन महेंद्र सिंह और प्रधानाचार्या सरिता ने चयनित खिलाड़ियों को आशीर्वाद दिया ओर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
जिला खो-खो संघ के महासचिव रविंद्र सैनी ने बताया कि ट्रायल प्रतियोगिता में जिले के 150 के करीब खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिनमें 15 महिला और 15 पुरुष खिलाड़ियों का चयन किया गया। इन खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले की टीम से खेलने का अवसर मिलेगा। प्रतियोगिता आठ-नौ मार्च को चरखी दादरी में आयोजित होगी। इस अवसर पर कोच मुकेश, सविता, विनोद मलिक, शशि सैनी, मुस्कान पीटीआई आदि मौजूद रहे।
जहां प्रतियोगिता होगी, वहां शौचालय तक नहीं
मनाना के राजकीय कन्या स्कूल के जिस मैदान पर पर खो-खो सहित अन्य खेलों का आयोजन होता है यहां शौचालय और लड़कियों के कपड़े बदलने के कमरा तक नहीं है। महिला खिलाडियों को भारी दिक्कत का सामना करना पडता है। राजकीय कन्या स्कूल के इस मैदान में बहुराष्ट्रीय कंपनी नेस्ले के दवारा चार रेडीमेड शौचालय बनवाए गए थे उनमें पानी कनेक्शन तक नहीं है।
शौचालय का गोदाम के रूप में उपयोग हो रहा है। मैदान परिसर में एक शौचालय है जिसे महिला और पुरुष खिलाड़ियों शौच करने के लिए उपयोग करते है। इस संदर्भ में संघ के जिला महासचिव रविंद्र सैनी ने कहा कि रेडीमेड शौचालय में पानी कनेक्शन जल्द करवाया जाएगा। साथ ही नेस्ले से और शौचालय बनवाने की मांग की जाएगी। वहीं खो-खो खेल संघ के महेंद्र सिंह ने बताया कि जल्द ही शौचालय को सुचारु करवाया जाएगा।