पानीपत। सेक्टर-7 की आडब्ल्यूए ने शनिवार को बैठक कर व्याप्त समस्याओं और इनके समाधान पर चर्चा की। आरडब्ल्यूए ने पिछले छह साल से सीवर व मेनहोल की सफाई तक न होने पर रोष प्रकट किया। इसके साथ अधिकारियों पर अनदेखी बरतने के आरोप लगाए। आरडब्ल्यूए ने 15 फरवरी तक का समय अधिकारियों को दिया। समस्याओं का समाधान न होने पर 16 फरवरी को एचएसवीपी के सेक्टर-18 स्थित कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
आरडब्ल्यूए के प्रधान मास्टर रणधीर सिंह और उपप्रधान रामपत नैन ने कहा कि पिछले पांच-छह साल से सेक्टर-7 में सीवर लाइन व मेनहोल की सफाई नहीं कराई है। इस कारण रोजाना गंदा पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। एचएसवीपी को दो बार मांग पत्र सौंप चुके हैं। बावजूद इसके कोई काम नहीं हो पाया है। सेक्टर में सामुदायिक केंद्र नहीं बनाया जा रहा है। ठेकेदार को समय पर पैसा नहीं मिल पा रहा है। इससे सेक्टरवासियों में भारी रोष है। इसके उद्घाटन से पहले ही एसी व फर्नीचर का भी काम पूरा कराया जाएं।
सेक्टर में 45 मीटर की एक सड़क बननी है। इसका टेंडर करने के बाद काम अलॉट नहीं किया गया है। रेन वाटर हारवेस्टिंग सिस्टम नहीं बनाया गया है। बारिश का पानी सड़कों पर जमा हो जाता है। हुडा सेक्टरों के जिला संयोजक बलजीत सिंह ने कहा कि सेक्टर 7, 8, 18, 24 और 40 और 13-17 में लंबे समय से समस्या बनी हुई हैं। इनके समाधान के लिए कई बार अधिकारियों से मिल चुके हैं। दिनेश, जिले सिंह, जसराम, सतबीर खत्री, ओमप्रकाश, जयसिंह कुराना, सुभाष, विवेक गाबा, गौरीदत, सुरेंद्र मौजूद रहे।