पानीपत। गीता कॉलोनी में गीता पार्क के पास लगे तीन ट्रांसफार्मरों को शिफ्ट करने का मामला मुख्यमंत्री से लेकर एडीजीपी, डीसी, एसई समेत सनौली रोड सब डिवीजन की एसडीओ तक पहुंच चुका है। इसे लेकर गीता कॉलोनी के लोगों ने हस्ताक्षर कर शिकायत भेजी है। बुधवार को ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने पहुंची टीम का भी लोगों ने विरोध किया। इसके बाद एसडीओ ने वीरवार को मौके का निरीक्षण भी किया और ट्रांसफार्मर शिफ्ट करवाने वालों से कहा कि वे इसके लिए उपयुक्त जगह दें और अगर शिफ्टिंग का कोई विवाद है तो उसे भी सुलझाएं तब तक काम स्थगित रहेगा। स्थानीय लोगों ने बताया कि वीरवार सुबह सनौली रोड सब डिवीजन एसडीओ ने मौके का निरीक्षण किया और हिदायत दी है कि अगर इसे लेकर आसपास के लोगोें में कोई विवाद है तो उसे सुलझाएं। ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने की ऐसी जगह उपलब्ध कराई जाए जहां किसी को आपत्ति न हो। कॉलोनी के लोगों की रजामंदी के अनुसार ही जनहित में काम करवाए जाएं।
सनौली रोड सब डिवीजन के एसडीओ अंजलि शर्मा ने कहा कि आज टीम के साथ मौके का निरीक्षण किया है। ट्रांसफार्मर शिफ्ट कराने वाले आवेदक को कहा गया है कि इसके लिए उपयुक्त जगह उपलब्ध कराएं और अगर कोई विवाद है तो उसे निपटाएं। लोगों को परेशानी न हो इसे देखते हुए जनहित के अनुसार ही काम किया जाएगा। किसी को परेशान नहीं होने दिया जाएगा।