इसराना। उपमंडल के लोगों को नए साल में नए तहसील भवन की सौगात मिलेगी। इस पर करीब 13 करोड़ रुपये की लागत आई है। जिसमें करीब सवा दो करोड़ जमीन और पौने दस करोड़ तीन मंजिला भवन पर खर्च आया है। एसडीएम नवदीप सिंह नैन ने शुक्रवार को तहसील की निर्माणाधीन भवन का निरीक्षण किया। अभी फिनिसिंग, दरवाजें, खिड़की व बिजली का कुछ काम बाकी है। नई तहसील भवन के पीछे ही तहसीलदार व नायब तहसीलदार तहसील में काम करने वाले ग्रुप सी व डी के चार-चार कर्मचारियों के आवास भी बनाए गए हैं। तहसील का नया भवन बनने पर 28 गांव के ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे राजस्व संबंधी सभी सुविधाएं मिलेगी।
पीडब्ल्यूडी के एसडीओ अश्वनी शर्मा और जेई मंजीत हुड्डा व भूपेंद्र ने एसडीएम नवदीप नैन को बताया कि तहसील का निर्माण कार्य दिसंबर तक पूरा हो जाएगा और उसके बाद बिल्डिंग को राजस्व विभाग के हैंड ओवर कर दिया जाएगा। एसडीएम नवदीप नैन ने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों से कहा कि तहसील भवन का कार्य अब दिसंबर तक पूरा होना चाहिए। जिससे नए साल के जनवरी माह में इसका उद्घाटन कर जनता के लिए समर्पित किया जा सके। मांडी रोड पर तहसील अभी बीडीपीओ कार्यालय की बिल्डिंग में चल रही है। तहसील के 27 गांव व एक बेचिराग शाहपुर खेड़ी गांव सहित 28 गांवों के पटवारी भी वहां पर अलग-अलग बैठते है। तहसील की अपनी बिल्डिंग नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए सरकार ने मौजूदा पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार के प्रयासों से तहसील की नई बिल्डिंग बनाने का फैसला लिया था। अब मौजूदा पुरानी तहसील के पास ही तहसील की करीब सवा दो एकड़ में नौ करोड 74 लाख की लागत से तीन मंजिला नई बिल्डिंग पीडब्ल्यूडी द्वारा बनाई जा रही है। पीडब्ल्यूडी द्वारा बिल्डिंग का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है।
पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन सविता पान्नु ने बताया कि नई तहसील बिल्डिंग का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है और बिल्डिंग में फिनिसिंग का कार्य चल रहा है। काम पूरा होते ही इसे राजस्व विभाग को हैंड ओवर कर दिया जाएगा।