पानीपत। राजकीय व निजी स्कूलों में जून में होने वाले ग्रीष्मावकाश सोमवार को संपन्न हो चुके हैं। अब मंगलवार एक जुलाई से स्कूल खुल जाएंगे। स्कूल खुलने के बाद स्कूलों में फिर से रौनक लौटेंगी। सरकारी ओर निजी स्कूलों में हर कालांश के बाद घंटी की आवाज सुनाई देगी।
स्कूल भी बच्चों के स्वागत को तैयार हैं। ग्रीष्मावकाश के बाद स्कूल खुलने को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह बना हुआ है। विद्यार्थी अपने बस्ते समेटकर स्कूल जाने की तैयारी में लगे हुए हैं। स्कूलों में कक्षाएं निर्धारित शेड्यूल के अनुसार खुलेंगे।
शिक्षा निदेशालय की ओर से हर वर्ष गर्मियों में गर्मी को देखते हुए जून में ग्रीष्मावकाश घोषित किए जाते हैं। सभी राजकीय व निजी स्कूलों में एक से 30 जून तक ग्रीष्मावकाश रहता है। गर्मी की लंबी छुट्टियों के बाद अब जिलेभर के सरकारी और निजी स्कूलों में एक बार फिर मंगलवार से रौनक लौटने वाली है। जुलाई की शुरुआत के साथ छात्रों का स्कूलों में प्रवेश शुरू हो जाएगा। एक जुलाई से स्कूलों का संचालन फिर से शुरू होगा और बच्चे अपनी पढ़ाई में जुट जाएंगे।
इस संदर्भ शिक्षा विभाग और प्रशासन से कमर कस ली है। एक जुलाई से स्कूल खुलने की सूचना के बाद से ही शिक्षकों, स्कूल प्रबंधन और छात्रों में तैयारी शुरू हो चुकी है। स्कूलों में साफ-सफाई, फर्नीचर की मरम्मत, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त किया जा रहा है। साथ ही नए शैक्षणिक सत्र की व्यवस्था को लेकर शिक्षकों की मीटिंग भी बुलाई जा रही है।