पानीपत। गांव सिवाह स्थित इस्लामिक पब्लिक स्कूल की चहारदीवारी को ढहा दिया गया। स्कूल प्रबंधन ने जेसीबी चालकों को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। स्कूल प्रबंधन ने इसकी सूचना सेक्टर 29 थाना पुलिस को दी। जब तक पुलिस पहुंची यहां से आरोपी फरार हो गए। वक्फ बोर्ड के संपदा अधिकारी ने गांव सिवाह की पंचायत पर स्कूल की दीवार गिराने के आरोप लगाए हैं।
ग्राम पंचायत सिवाह व वक्फ बोर्ड स्कूल की इस नौ कनाल 17 मरले जमीन पर अपना अपना हक जता रहे हैं। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है। यहां विवाद की सूचना पर एसडीएम विरेंद्र ढुल पहुंचे। उन्होंने दोनों पक्षों को शांत किया। यहां दो घंटे तक जमकर हंगामा हुआ और तनाव के आसार बने रहे। बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों को गांव सिवाह के पंचायत घर में बुलाया गया है। वक्फ बोर्ड के संपदा अधिकारी मोहिनुदीन काजी ने बताया कि गांव सिवाह के पास 30 साल से इस्लामिक पब्लिक स्कूल चल रहा है। ये भूमि 30 साल पहले ग्राम सिवाह की थी। उन्होंने स्कूल के पास लगती अपनी नौ कनाल 17 मरले जमीन सिवाह गांव को दी थी। इसके बदले में सिवाह की पंचायत से ये भूमि ली थी। इस संबंध में लिखित में समझौता भी हुआ था। अब सिवाह गांव की पंचायत स्कूल की जमीन पर कब्जा करना चाहती है। बृहस्पतिवार को जेसीबी से स्कूल की दीवारों को ढहा दिया गया। स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को बुलाया तो आरोपी यहां से फरार हो गए। इस संबंध में बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों का प्रतिनिधिमंडल पुलिस से मुलाकात करेगा।
बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों को बुलाया गया है। जल्द विवाद को सुलझा लिया जाएगा। इस भूमि की निशानदेही कराई जाएगी ।
राकेश कुमार, प्रभारी, सेक्टर 29 थाना पुलिस पानीपत।