स्कूल संचालकों ने सोमवार से लागू नए ट्रैफिक नियमों को भले ही लागू करने पर सहमति जता दी है, लेकिन स्कूल संचालक बढ़े रूट का ट्रांसपोर्ट चार्ज अपने स्तर पर वहन करने के लिए राजी नहीं हैं।
स्कूल संचालकों ने इस चार्ज को अभिभावकों पर डालने का मन बना लिया है और जल्द ही बैठक कर फैसले पर मुहर लगा देंगे। वहीं, प्रशासन असंध रोड पर स्कूल बसों की एंट्री करने के फैसले पर किसी तरह का विचार करने को तैयार नहीं है।
स्कूल संचालकों की गोहाना रोड से ट्रैफिक डायवर्ट करने के बाद परेशानी बढ़ गई है और एक बार फिर नए सिरे से रूट बनाने में जुट गए हैं। इसके लिए ट्रांसपोर्ट इंचार्ज चालकों की भी मदद ले रहे हैं।
वे कम समय और खर्च में अधिक रास्ते को कवर करने के प्रयास में हैं। वहीं, स्कूल संचालक इस मार्ग की दूरी के हिसाब से ट्रांसपोर्ट चार्ज विद्यार्थियों पर डालने को भी तैयार हो गए हैं। स्कूलों में इस पर तेजी से काम चल रहा है।
ट्रैफिक प्लान बदलने के बाद लगेगा एक से डेढ़ घंटा ज्यादा
गोहाना रोड से स्कूल बसों को डायवर्ट करने के बाद दूरी बेशक सात से आठ किलोमीटर की बढ़ेगी, लेकिन इसकी एक साइड तय करने में आधा से पौना घंटा का समय लगेगा।
इस बात को स्कूल संचालकों भी कहते हैं। जानकारों का कहना है कि ऐसे में एक बस पहले जहां साढ़े छह बजे स्कूल के लिए चलती थी, अब उसको समय पर स्कूल पहुंचने के लिए छह बजे या इससे कुछ देर पहले चलना होगा।
यही हाल वापस आते समय रहेगा। विद्यार्थियों को वापसी में आधा से पौना घंटे देर से घर पहुंचना पड़ेगा। ऐसे में एक विद्यार्थी का पूरा दिन का समय एक से डेढ़ घंटा नए ट्रैफिक प्लान में बीत जाएगा।
मॉडल टाउन ही नहीं पूरे शहर के बच्चे होंगे डिस्टर्ब
नए ट्रैफिक प्लान से शहर की पॉश कालोनी मॉडल टाउन ही नहीं बल्कि पूरे शहर के बच्चे डिस्टर्ब होंगे।
इसमें ज्यादा प्रभावित असंध रोड पर स्थित सेंट मैरी, गुरु गोबिंद सिंह, डीपीएस सिटी, डीएवी पब्लिक स्कूल थर्मल कालोनी, बाल विकास प्रोग्रेसिव और जीडी गोयनका स्कूल होंगे।
इन स्कूलों की हर बस गोहाना रोड से आएगी और जाएगी। वहीं, शहर व शहर से बाहर स्थित स्कूलों को मॉडल टाउन या इस तरफ के विद्यार्थियों को लेने के लिए गोहाना रोड से घूमकर आना पड़ेगा।
प्रशासन अपने फैसले पर टिका
प्रशासन जीटी रोड के जाम के नाम पर असंध रोड पर स्कूल बसों और भारी वाहनों की नो एंट्री के फैसले पर टिका हुआ है। स्कूल संचालकों की दुहाई व सुझाव का प्रशासनिक अधिकारियों पर कोई असर नहीं दिखा।
यही नहीं, असंध रोड पर करीब साढे़ सात फीट की ऊंचाई पर हाई गेज लगाने का काम जारी रहा। शुक्रवार को लालबत्ती पर हाई गेज लगा दिया गया है। वहीं, असंध रोड पर छाबड़ा अस्पताल की गली से पहले हाई गेज पहले ही लगा दिया गया है।
ये है नया ट्रैफिक प्लान
उपायुक्त अजीत बालाजी जोशी ने बुधवार को मीटिंग लेकर असंध रोड पर स्कूल बसों और भारी वाहनों की नो एंट्री कर दी थी, जिसमें परिवहन विभाग के अधिकारी भी शामिल हुए थे।
प्रशासनिक अधिकारियों का कहना था कि असंध रोड पर भारी वाहनों की इंट्री बंद होने से जाम कम होगा। उन्होंने यहां से आने-जाने वाली स्कूल व रोडवेज समेत अन्य बसों और भारी वाहनों को गोहाना रोड से डायवर्ट करने का फैसला लिया था। यह नियम नौ मई शुक्रवार को लागू होना था, लेकिन स्कूल संचालकों की मांग पर इसको 12 मई से लागू का फैसला लिया।