पानीपत। सुपर-100 योजना का लाभ लेने के लिए विद्यार्थियों का इंतजार समाप्त होने को है। शिक्षा विभाग ने राजकीय स्कूलों के सुपर-100 बैच 2025-27 के लिए खंड स्तरीय लेवल-1 की परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह परीक्षा 05 फरवरी को आयोजित की जाएगी जिसके लिए प्रदेश में 149 और जिले में 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सुपर-100 के लिए प्रदेश में 44838 जबकि जिले भर से 3910 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया है। बुनियाद के बाद सुपर-100 के लिए पंजीकरण करवाने में भी पानीपत प्रदेश में अव्वल रहा है। वहीं, परीक्षा के बेहतर संचालन के लिए जिला विज्ञान विशेषज्ञ संदीप संभ्रवाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ संदीप संभ्रवाल ने बताया कि सुपर-100 परीक्षा के लिए 20 दिसंबर से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसकी अंतिम तिथि 28 जनवरी निर्धारित की गई थी। 40 दिन तक चली पंजीकरण प्रक्रिया में जिले के 3909 विद्यार्थियों ने ही पंजीकरण करवाया है। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए बापौली व इसराना में दो-दो, जबकि मडलौडा, पानीपत व समालखा में तीन-तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा को नकल रहित व बेहतर संचालन को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
बॉक्स
जिन स्कूलों में बनाए परीक्षा केंद्र, उनमें रहेगा अवकाश
डीएसएस संदीप संभ्रवाल ने बताया कि सुपर-100 की परीक्षा सुबह 11.30 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से एक घंटा पहले केंद्र पर पहुंचना होगा। परीक्षा के लिए जिन स्कूलों में केंद्र बनाए गए हैं, उन स्कूलों में परीक्षा के दिन अवकाश रहेगा। हालांकि अध्यापक व अन्य स्टाफ अन्य दिनों की तरह विद्यालय में उपस्थित रहेंगे। विद्यालय शिक्षा निदेशालय की तरफ से जारी निर्देशों में कहा गया है कि सभी खंड शिक्षा अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सभी पंजीकृत विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हों और समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे।
बॉक्स
जिले में यहां बनाए गए परीक्षा केंद्र
परीक्षा केंद्र क्षमता
जीएसएसएस बापौली 400
जीजीएसएसएस बापौली 300
जीजीएसएसएस इसराना 350
जीएमएसएसएसएस इसराना 300
जीएमएसएसएसएस मडलौडा 300
जीजीएसएसएस मडलौडा 300
जीएसएसएस नारा 250
जीएमएसएसएसएस जीटी रोड 450
जीएसएसएस सिवाह 350
जीजीएसएसएस मॉडल टाऊन 400
पीएमश्री जीएसएसएस भापरा रोड समालखा 300
पीएमश्री जीएसएसएस पावटी 300
जीएसएसएस मच्छरौली 300
बॉक्स
सुपर-100 का यह रहेगा शेड्यूल-
लेवल-1 की परीक्षा : 05 फरवरी
लेवल-1 की परीक्षा का परिणाम : 15 मार्च
लेवल-2 की परीक्षा : 09 अप्रैल
लेवल-2 की परीक्षा का परिणाम : 07 मई
वर्जन-
शिक्षा विभाग की तरफ से जारी शेड्यूल के अनुसार सुपर-100 की परीक्षा 05 फरवरी को ली जाएगी। खंड स्तर पर आयोजित की जाने वाली परीक्षा को लेकर जिले में 13 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा के लिए जिले से प्रदेश में सर्वाधिक 3910 विद्यार्थियों ने पंजीकरण करवाया है।
- राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।