इसराना। सरपंच एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रणबीर सिंह समैन मंगलवार को कस्बे के लोगों को जींद में होने वाली 30 मई को होने वाली गांव बचाओ, देहात बचाओ रैली का न्योता देने पहुंचे। उन्होंने कहा कि अगर सरकार ने पंचायतों को उनके अधिकार नही लौटाए तो आगामी चुनाव में सरकार को लोगों के विरोध का सामना करना होगा।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रणबीर सिंह समैन ने बताया कि 30 मई को जींद में गांव बचाओ-देहात बचाओ महारैली का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने दावा किया कि महारैली में प्रदेश भर से एक लाख से ज्यादा लोग पहुचेंगे। उन्होंने मांग की कि सरकार पंचायतों को पंचायती राज एक्ट के तहत दिए गए सभी अधिकार दें, राइट टू रिकॉल अगर लागू करना है तो पहले विधान सभा व लोक सभा पर लागू करें अन्यथा इसे वापस ले, ई टेंडरिंग प्रणाली का दायरा बढ़ाया जाए अन्यथा ई टेंडरिंग सिरे से रदद् की जाए। उन्हाेंने कहा कि जींद में होने जा रही महारैली का लोगो को न्योता देने के लिए एसोसिएशन हर गांव में बैठक करेगी। उन्होंने चेताया कि अगर सरकार एसोसिएशन की मांगें नहीं मानती तो 2024 में होने जा रहे चुनाव में परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहे। बैठक में जिला प्रधान राजेश जागलान इसराना, उपप्रधान जयपाल देशवाल महावटी, ब्लॉक प्रधान समेर सिंह पूठर, राहुल बुड़शाम, मोनू नांदल डाहर, नीरज नौल्था डुंगरान, देवेंद्र गल्ला मांडी, महेंद्र अहर, कृष्ण कुराना, नरेश बांध, सतपाल बिजावा व भाकियू नेता प्रदीप जागलान मौजूद रहे।