पानीपत। जमीन के विवाद में गांव के ही एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर सुताना गांव के सरपंच प्रतिनिधि (जेठ) सोनू काे तीन गोली मार दी। दो गोली सरंपच प्रतिनिधि के पेट और एक पैर में लगी।
इससे पहले हमलावरों ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर कार से कुचलने का प्रयास किया था। वे कार से कुचलने से बचे तो उन पर गोली चला दी। उनको मृत समझकर हमलावर वहां से भाग गए। परिजनों ने सरपंच प्रतिनिधि को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
जहां पर उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुराना औद्योगिक थाना की पुलिस ने सोनू की शिकायत पर गांव के अश्वनी उर्फ कल्लू को नामजद कर कई अन्य पर जान लेना हमला करने की धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीआईए व थाना पुलिस की तीन टीम हमलावरों की तलाश कर रही हैं। 12 घंटे बाद भी हमलावर पुलिस के हाथ नहीं लगे। पुलिस की प्रथम दृष्टया में भी जमीन का विवाद सामने आया है। वहीं परिवार के सदस्यों ने किसी भी रंजिश से इंकार कर रहे हैं। सुताना गांव के नरेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके छोटे बेटे अमित की पत्नी ग्राम पंचायत की सरपंच है। सरपंच प्रतिनिधि का काम उनके बड़े बेटे सोनू देखते हैं। वह वीरवार सुबह करीब सात बजे मोटरसाइकिल पर गांव से करीब 200 मीटर दूर अपने खेत में गए थे। इस दौरान गांव का अश्वनी उर्फ कल्लू ने कार से सोनू की मोटरसाइकिल को पीछे से टक्कर मार दी। वह बचकर भागने लगा तो उसने साथियाें के साथ उन पर गोली चला दी। हमलावरों ने सोनू पर चार राउंड फायर किए।
इसमें दो गोली सोनू के पेट और एक गोली घुटने पर लगी। वे उनको मरा हुआ समझकर गाड़ी लेकर भाग गए। सोनू ने फोन पर उनको मामले की जानकारी दी। इसके बाद वह परिवार के सदस्यों के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और सोनू को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां पर चिकित्सकों ने उनका ऑपरेशन किया। सोनू की हालत गंभीर बनी हुई। सूचना के बाद डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स व पुराना औद्योगिक थाना पुलिस के प्रभारी देवेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सोनू की शिकायत पर गांव के ही अश्वनी उर्फ कल्लू और उसके साथियों पर केस दर्ज कर लिया। परिजनों ने बताया कि सोनू गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में सिटी तकनीशियन रहे हैं। वे तीन साल पहले सरपंच के चुनाव के दौरान गांव आए थे। सोनू के पिता नरेश भी बिजली निगम फोरमैन में तैनात हैं। ब्यूरो