रन फॉर यूनिटी में शपथ दिलाते एसडीएम अमित कुमार। संवाद
राष्ट्रीय एकता दिवस पर भापरा स्टेडियम से लघु सचिवालय तक लगाई दौड़
संवाद न्यूज एजेंसी
समालखा। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार समालखा में रन फॉर यूनिटी (एकता दौड़) का आयोजन अत्यंत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में एसडीएम समालखा अमित कुमार ने स्कूली विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों को राष्ट्रीय एकता व अखंडता की शपथ दिलाई। इसके पश्चात उन्होंने झंडी दिखाकर दौड़ को रवाना किया और स्वयं भी विद्यार्थियों के साथ दौड़ में हिस्सा लिया।एकता दौड़ भापरा स्टेडियम से शुरू होकर समालखा स्थित लघु सचिवालय पर संपन्न हुई। दौड़ के समापन के बाद विद्यार्थियों, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने मिलकर योगाभ्यास किया। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को रिफ्रेशमेंट वितरित की गई।
एसडीएम अमित कुमार ने सरदार वल्लभभाई पटेल के जीवन और 500 से अधिक रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का जीवन दृढ़ संकल्प और राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। युवाओं को उनके आदर्शों पर चलते हुए देश की अखंडता बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। इस मौके पर बीडीपीओ सौरभ उपाध्याय व एसईपीओ प्रजान मेहरा मौजूद रहे।
13