पानीपत। करवाचौथ पर बाजार में रौनक बढ़ गई है। सुहागिनें जमकर खरीदारी कर रही हैं। कहीं लाल-हरी चूड़ियों की खनक गूंज रही है तो वहीं, ब्यूटी पार्लर पर मेकअप के लिए भीड़ लगी है। खासतौर पर ब्यूटी दुकानों और कॉस्मेटिक स्टोर पर महिलाओं की कतारें लगी नजर आ रही हैं। करवाचौथ पर महिलाएं सोलह श्रृंगार करती हैं ऐसे में मेकअप का सामान सबसे ज्यादा खरीदा जा रहा है। बाजार में फाउंडेशन, काजल, आइलाइनर, लिपस्टिक, ब्लशर और नेलपेंट की डिमांड सबसे अधिक है। इसके अलावा स्किन केयर प्रोडक्ट जैसे फेस सीरम, क्रीम और मॉइस्चराइजर भी खूब बिक रहे हैं।
मेकअप और कॉस्मेटिक दुकान के संचालक संजय ने बताया कि करवाचौथ के लिए महिलाओं की भीड़ बढ़ने लगी है। इस बार खास तौर पर वाटरप्रूफ मेकअप किट और लोंग लास्टिंग लिपस्टिक का स्टॉक बढ़ाया है। ज्यादातर महिलाएं अपनी पसंद के हिसाब से पूरा मेकअप किट सेट बनवाती हैं। इस बार पिछले साल की तुलना में मेकअप प्रोडक्ट की बिक्री में करीब 30 से 40 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। इस बार ब्रांडेड मेकअप प्रोडक्ट के साथ लोकल प्रोडक्ट की भी अच्छी बिक्री हो रही है। महिलाएं इस बार अपने ड्रेस के अनुसार मैचिंग ज्वेलरी और मेकअप सेट ले रही हैं।
अंसल निवासी पूजा ने बताया कि करवाचौथ हर सुहागिन के लिए बहुत खास होता है। इस दिन के लिए हम पूरे साल इंतजार करते हैं। मैं हर बार कुछ नया मेकअप खरीदती हूं ताकि करवाचौथ पर खास दिखू। महिला रश्मि ने कहा कि इस बार बाजार में बहुत अच्छा कलेक्शन है। खासकर ब्यूटी और स्किन केयर प्रोडक्ट पसंद आ रहे हैं।