पानीपत। किशोर आर्यन की हत्या के मामले में गिरफ्तार आरोपी युकेश व प्रदीप से पांच दिन की रिमांड अवधि के दौरान पुलिस ने एक देशी पिस्तौल व चाकू बरामद किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया है।
गौरतलब है कि 26 मार्च को आर्यन को परिवार में लगने वाला नाबालिग चचेरा भाई घर से बुलाकर ले गया था। अगले दिन आर्यन का गांव बाध जाने वाले रास्ते पर गेहूं के खेत में खून से सना शव मिला था। मामले में पुलिस ने गांव के युकेश व उसके फुफेरे भाई गांव राजपुरा जिला सोनीपत निवासी प्रदीप उर्फ प्रिंस को गिरफ्तार किया था। अमेरिका में बैठे ताऊ के बेटे साहिल ने आर्यन के परिवार की जमीन हड़पने के लिए पूरे परिवार को मारने की खातिर यूकेश को 10 लाख रुपये व एक एकड़ जमीन देने का प्रलोभन दिया था। सीआईए टू प्रभारी इंस्पेक्टर फूल कुमार ने बताया कि रिमांड के दौरान पूछताछ में पता चला कि आरोपी युकेश वारदात से एक सप्ताह पहले नैनीताल से एक अज्ञात युवक से चाकू खरीद कर लाया था। वारदात से एक दिन पहले उसने चाकू आरोपी प्रदीप को दिया था। आर्यन की हत्या के बाद उनका अगला लक्ष्य आर्यन की मां व भाई था। विदेश में बैठे वारदात के मुख्य साजिशकर्ता आरोपी साहिल ने आर्यन की मां व भाई की हत्या कराने के लिए उक्त वारदात के एक दिन बाद आरोपी युकेश व प्रदीप को एक अवैध देसी पिस्तौल उपलब्ध कराया था। उक्त देसी पिस्तौल 27 मार्च को अज्ञात युवक दोनों आरोपियों को सोनीपत क्षेत्र में देकर गया था। आर्यन को घर से बुलाकर ले जाने वाले नाबालिग आरोपी को गत दिनों डिटेन कर जुवेनाइल कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जा चुका है। वारदात में शामिल फरार अन्य आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।