पानीपत। आए दिन ट्रेनों की देरी से यात्री परेशान हो रहे हैं। स्टेशन पर यात्रियों को घंटों तक ट्रेनों का इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे उनका कीमती समय खराब हो रहा है। अपने गंतव्य पर देरी से पहुंचने से भी यात्री परेशान है। बुधवार को सचखंड एक्सप्रेस समेत 17 ट्रेनें देरी से आई। यात्री पायल और साहिल ने बताया कि उन्हें स्टेशन पर अपनी ट्रेन का इंतजार करते हुए पौने घंटे से ज्यादा का समय हो गया है। उनकी ट्रेन पौने दो घंटे की देरी से स्टेशन पर आ रही है। इतनी देरी में तो हम गंतव्य का आधा से ज्यादा सफर तय कर लेते। इतना लंबा इंतजार करते हुए परेशान हो गए हैं। ट्रेनों को अपने निर्धारित समय पर आना चाहिए ताकि यात्री ठंड के मौसम में समय से अपने गंतव्य पर पहुंच सके और ट्रेनों के इंतजार में इतना लंबा समय खराब भी न करना पड़े।
ये ट्रेनें आई देरी से
सचखंड एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, हीराकुंड एक्सप्रेस दो घंटे और नेताजी एक्सप्रेस डेढ़ घंटे की देरी से आई। आम्रपाली एक्सप्रेस तीन घंटे, ऊंचाहार एक्सप्रेस 35 मिनट और दिल्ली पानीपत एमईएमयू डेढ़ घंटे की देरी से आई। गोवा संपर्क क्रांति एक्सप्रेस एक घंटा, दौलतपुर चौक जन शताब्दी एक्सप्रेस 40 मिनट और जम्मू मेल 1:15 घंटे की देरी से आई। जम्मू तवी एक्सप्रेस 32 मिनट, झेलम एक्सप्रेस एक घंटा और संबलपुर एक्सप्रेस पौने दो घंटे की देरी से आई। कुरुक्षेत्र दिल्ली एमईएमयू सवा एक घंटे, उत्तर संपर्क क्रांति पौना घंटा और बंद्रा टर्मिनस सुपरफास्ट एक्सप्रेस पौने घंटे की देरी से आई। फाजिल्का इंटरसिटी एक्सप्रेस आधा घंटा, नई दिल्ली कुरुक्षेत्र एमईएमयू डेढ़ घंटा और अमृतसर एक्सप्रेस एक घंटे की देरी से आई।
वर्जन :
लंबे रूट के साथ दैनिक रूट की भी कुछ ट्रेनें स्टेशन पर देरी से आई, जिससे यात्रियों को थोड़ा लंबा इंतजार करना पड़ा। ठंड बढ़ने के कारण ट्रेनें प्रभावित हो रही हैं। स्टेशन पर यात्रियों के लिए हर सुविधा है ताकि किसी भी यात्री को कोई परेशानी न हो।
-रमेश चंद्र, अधीक्षक रेलवे स्टेशन।