माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण में तीन साल में 14 ईओ आए। हर किसी ने सेक्टरों में मूलभूत सुविधाओं का भरोसा दिया। इन सबके बीच सेक्टरों की दशा नहीं सुधर पाई। यहां बिजली, पानी, सड़क व सफाई की आज भी समस्या बनी है।
विभिन्न सेक्टर की आरडब्ल्यूए ने मंगलवार को हरियाणा स्टेट हुडा सेक्टर्स कोन्फिडेरेशन के बैनर तले हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के कार्यालय पर सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया। इसमें 6, 7, 8, 13-17, 18, 24 और 40 की आरडब्ल्यूए के पदाधिकारी शामिल हुए।
प्राधिकरण के अधिकारियों पर आठ साल में मूलभूत सुविधा तक न देने का आरोप लगाया। आरडब्ल्यूए ने कहा कि वे धरना प्रदर्शन और बैठक कर थक चुके हैं। अधिकारियों का इसके बाद भी समस्याओं के समाधान की तरफ ध्यान नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों कि लापरवाही से सेक्टरों में समय पर ठेकेदारों को काम अलाॅट नहीं किए जा रहे हैं।
हरियाणा स्टेट हुडा सेक्टर्स कोन्फिडेरेशन के संयोजक बलजीत सिंह ने कहा कि तीन साल में 14 ईओ बदल गए हैं। एक्सईएन के पास दो से तीन जिलों का कार्यभार हैं। पानीपत में जेई के 25 पद हैं, जबकि 10 या 11 जेई हैं। उन्होंने कहा कि पांच अगस्त को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा था और 12 अगस्त को अधिकारियों के साथ बैठक की थी। अधिकारी समस्या का समाधान को दूर उनका फोन भी नहीं उठा रहे हैं। वे प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं। अधिकारियों के आश्वासन के बाद भी उनकी समस्याओं का कोई समाधान नहीं हो पाया है। सेक्टरों से कूड़े का उठान तक नहीं किया जा रहा है।
चार सेक्टरों में दूषित पानी बह रहा
बलजीत सिंह ने बताया कि सेक्टर 7, 8, 24 और 40 में सीवर के पानी कि निकासी सेक्टरों के खुले क्षेत्र में की जा रही है। जिससे सेक्टरवासियों का जीवन नरक बना हुआ है। विभाग अपनी ही पॉलिसी की अनदेखी कर रहा है। वे प्राधिकरण को विकास शुल्क दे रहे हैं लेकिन उनको मूलभूत सुविधा तक नहीं मिल रही हैं।
एसई बोले- एक्सईएन मेरा फोन तक नहीं उठाते
बलजीत सिंह ने बताया कि उन्होंने एक्सईएन के फोन न उठाने की बात एसई को बताई थी। एसई ने उनको बताया कि एक्सईएन तो मेरा भी फोन नहीं उठाते। उन्होंने बताया कि दो में से एक एक्सईएन अंबाला और दूसरे रोहतक बैठते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सुनवाई नहीं होती है तो वे 1 दिसंबर को अनिश्चितकालीन धरना देने को मजबूर होंगे। इसके जिम्मेदार प्राधिकरण के अधिकारी होंगे। मौके पर मास्टर रणधीर सिंह, रामपत नैन, सत्यपाल सिंह, हवा सिंह, धर्मेंद्र अहलावत, जयपाल सिंह रामेहर मोर, एसके त्यागी, दीनानाथ गुप्ता, अमरीक सिंह, सतीश गुप्ता, सूरजभान राठी, ताराचंद शर्मा, हरीश भारद्वाज, कली राम, मोहन, गौरी दत्त, ओमप्रकाश, जसराम मौजूद रहे।