पानीपत। रन फॉर यूनिटी के तहत वीरवार को शिवाजी स्टेडियम में दौड़ कराई जाएगी। इसमें जिले के करीब एक हजार धावक शामिल होंगे। मुख्यातिथि शिक्षा, पुरातत्व एवं संसदीय कार्य मंत्री महीपाल ढांडा होंगे। प्रशासन ने इससे पहले रन फॉर यूनिटी 29 अक्तूबर को कराने का फैसला लिया था। सभी जिलों में सरकार के स्तर पर मुख्यातिथि तय करने और एक साथ आयोजन के आदेशों के बाद इसको स्थगित कर दिया गया था।
एसडीएम पानीपत ब्रह्मप्रकाश ने इसको लेकर जिला सचिवालय में बुधवार को खेल विभाग समेत अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने इसको आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्हाेंने बताया कि लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जन्म शताब्दी के उपलक्ष्य में वीरवार को रन फॉर यूनिटी का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में शिक्षा, पुरातत्व एवं संसदीय कार्य मंत्री महिपाल ढांडा मुख्यातिथि होंगे। यहां खिलाड़ियों को राष्ट्रीय एकता की शपथ दिलाई।
एसडीएम ने कहा कि रन फॉर यूनिटी वीरवार सुबह सात बजे शिवाजी स्टेडियम में होगी। यह दौड़ शिवाजी स्टेडियम से प्रारंभ होकर मॉडल टाउन के गोल चक्कर से होकर वापस शिवाजी स्टेडियम में संपन्न होगी। शिवाजी स्टेडियम में होने वाली रन फॉर यूनिटी के लिए सभी प्रकार की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस रूट की सभी सड़कों पर साफ-सफाई कर पानी का छिड़काव किया है। स्वास्थ्य विभाग व पुलिस की टीम तैनात रहेंगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ड्यूटी लगाई गई है। यहां दो एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। इस मौके पर तहसीलदार वीरेंद्र कुमार गिल, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, डीएसपी मुख्यालय सतीश वत्स, डीडीपीओ मनीष, एईओ रविंद्र आंतिल, तलवारबाजी कोच नरेंद्र व खो-खो कोच गुलशन व नाजर पवन मौजूद रहे।