रेल यात्रियों के लिए शुक्रवार का दिन भी परेशानी भरा रहा। अमृतसर में किसानों द्वारा मांगों को लेकर रेलवे ट्रैक जाम किए जाने के कारण रेलवे द्वारा अप व डाउन की आठ एक्सप्रेस ट्रेनों को रद कर दिया गया। जबकि चार एक्सप्रेस ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए। ट्रेनों के रद के चलते रेल यात्रियों को नई दिल्ली व अमृतसर की ओर सफर करने में दिक्कतें उठानी पड़ी। दिल्ली की तरफ 12926 पश्चिम एक्सप्रेस ट्रेन शाम को ही रवाना हो पाई। ऐसे में रेल यात्रियों को कई घंटो तक स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करना पड़ा। अमृतसर की ओर जाने के लिए सुबह से पूछताछ केंद्र पर रेल यात्रियों का जमावाड़ा लगा रहा। ऐसे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ा।यात्री बलविंद्र, कुलदीप, तजेंद्र सिंह, सुखदीप कौर आदि ने बताया कि ट्रेनें कैंसल होने के कारण अपने गंतव्य तक पहुंचने में दिक्कतें उठानी पड़ रही है। अब लगता है बस का ही सहारा लेना पड़ेगा।
नॉन इंटरलॉकिंग के चलते चार एक्सप्रेस के रूट डायवर्ट
पलवल के असावती स्टेशन पर रेलवे द्वारा नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जा रहा है। जिसके चलते चार एक्सप्रेस ट्रेन अमृतसर-नांदेड, उधमपुर कोटा, चंडीगढ़ कोचिव्वाली, कालका श्रीनगर शिरडी एक्सप्रेस का रूट डायवर्ट किया गया। जिसके चलते रेल यात्रियों को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर पहुंचने में दिक्कतें उठानी पड़ी। क्योंकि ये ट्रेन नई दिल्ली से पहले ही डायवर्ट की गई है।
ये ट्रेन रही रद
11057, 58- दादर एक्सप्रेस अप व डाउन
12497, 98 -शांने पंजाब एक्सप्रेस
15707,08 -आम्रपाली एक्सप्रेस अप व डाउन
12459,60 -सुपर एक्सप्रेस अप व डाउन
परेशानी उठानी पड़ेगी
पलवल में नॉन इंटरलोकिंग कार्य के चलते ट्रेनों के रूट डायवर्ट किए गए हैं। जबकि पंजाब से आने वाली आधा दर्जन से अधिक ट्रेनें शुक्रवार को रद रही हैं। जिसके चलते यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।
धीरज कपूर, स्टेशन अधीक्षक, पानीपत।