शहर में लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ रही है। मंगलवार रात को रेलवे रोड के पास स्थित गीता कालोनी में एक युवक पर कार में आए तीन युवकों ने चाकुओं से हमला कर दिया। आरोपी युवक से 55 हजार रुपये व मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए। युवक ने राहगीरों के मोबाइल से अपने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद युवक को सिविल अस्पताल लाया गया। युवक के सिर, गर्दन व बाजू पर धारदार हथियार से हमला किया गया है। सिटी थाना पुलिस ने युवक के बयानों पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गीता कॉलोनी का दुष्यंत गगंवानी उर्फ काकू 7 बजे वो पैदल अपने घर जा रहा था। एक कार में आए युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। तीनों युवकों ने उस पर चाकूओं से हमला कर दिया। वो हमले में नीचे गिर गया। युवकों ने उसके सिर पर रॉड से भी हमला किया। आरोपी उसकी जेब से 55 हजार रुपये व मोबाइल फोन निकालकर फरार हो गए। सिटी थाना पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी कैमरों से आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।