कुलदीप नगर स्थित मकान में चोर ने एक के बाद एक चार कमरों के ताले चटका दिये। चौथे कमरे का ताला तोड़ने के बाद चोर कमरे में ही था, तभी किराएदार पहुंच गया। इस पर चोर ने खिड़की से छलांग लगा दी और फरार हो गया। इस दौरान चोर ने करीब 45 हजार की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
पुलिस को दी शिकायत में रविंद्र निवासी कुलदीप नगर ने बताया कि वह डेजल ओवरसीज फैक्ट्री में मुंशी है। गत 22 फरवरी की सुबह नौ बजे कमरे पर ताला लगाकर फैक्ट्री में काम करने के लिए गया था। साथी अमित कुमार को सुबह 11 बजे कमरे पर खाना बनाने के लिए भेजा था, जिसने फोन कर कमरे में चोरी होने की सूचना दी। इसके बाद वह कमरे पर पहुंचा, जहां कमरे के ताले टूटे मिले। वहीं अंदर जाकर देखा तो अलमारी से 40 हजार रुपये चोरी मिले। उसके साथी लगे मिथुन के कमरे से भी पांच हजार रुपये चोरी मिले। रविंद्र ने बताया कि उनका आठ से दस दोस्तों का ग्रुप है। चोर चौथे कमरे में चोरी कर ही रहा था, तभी अमित ने दरवाजा खोल दिया। अमित ने चोर को पकड़ने का भी प्रयास किया, लेकिन वह खिड़की से कूदकर फरार हो गया।
सीसीटीवी कैमरों में रिकार्ड हुई आरोपी के भागते हुए तस्वीर
रविंद्र ने बताया कि उन्होंने पास में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग निकलवाई तो उसमें आरोपी चोर भागते हुए दिखाई दिया। सीसीटीवी से यह भी मालूम हुआ कि आरोपी ने 10 मिनट तक रेकी की, जब उसे मकान में कोई नहीं दिखा तो वह घर के अंदर घुसा और चोरी करने लग गया। वहीं आरोपी 11.22 मिनट पर घर की दीवार से कूदकर भागते हुए नजर आ रहा है।
पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है, वहीं अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है, जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एएसआई मनोज, जांच अधिकारी, मॉडल टाउन थाना