मतलौडा। पानीपत माडल टाउन थाना इलाके से एटीएम तोड़कर लाखों रुपये लूटने वाले गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए मतलौडा पुलिस ने गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे माडल टाउन पुलिस को तीन दिन के रिमांड पर सौंप दिया। लूट के आरोपी ने घरौंडा के पास से एक इनोवा गाड़ी को लूटने की वारदात भी कबूल की है।
मतलौडा थाना प्रभारी अजय कुमार टीम के साथ बस अड्डे पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली की एक युवक थाने के पास अदियाना मोड़ पर किसी वाहन की इंतजार में खड़ा है और उसके पास अवैध हथियार हैं। सूचना मिलते ही एसएचओ अजय कुमार ने पुलिस टीम के साथ मौके की ओर रवाना हो गए। जैसे ही पुलिस की गाड़ी युवक के नजदीक पहुंची तो युवक विपरीत दिशा की ओर चलने लगा। इस पर पुलिस का शक और गहरा गया।
पुलिसकर्मियों ने दौड़कर उसे पकड़ लिया और थाने ले जाकर उसकी तलाशी ली तो उसकी जेब से 15 बोर लोडेड पिस्तौल और एक कारतूस बरामद किया। पुलिस पूछताछ में उसने अपना नाम अनिल कुमार पुत्र बलबीर सिंह गांव अदियाना बताया।
पुलिस ने जब युवक से सख्ती से पूछताछ की तो उसने बताया कि करीब पांच महीने पहले उसने हथियारों के बल पर घरौंडा के पास से एक इनोवा गाड़ी को लूटा था। इसके बाद फिर उसने चार साथियों के साथ पांच माह पहले जींद, पिल्लू खेड़ा व सफीदों में एटीएम तोड़कर रुपये लुटने की योजना बनाई, लेकिन कामयाबी नहीं मिली।
बाद में अपने चार साथियों के साथ करीब पांच माह पूर्व पानीपत माडल टाउन थाना इलाके में एटीएम तोड़कर लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। इस मामले में फरार अन्य चार आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।