माई सिटी रिपोर्टरपानीपत। नई अनाज मंडी में जलभराव के कारण खुले में रखी धान की फसल के बहने और खराब होने के खतरे को देखते हुए जिला आढ़ती एसोसिएशन ने कृषि मंत्री से समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है। एसोसिएशन के जिला प्रधान एवं किसान धर्मवीर मलिक ने कृषि मंत्री को पत्र और मंडी की तस्वीरें भेजकर जलभराव की समस्या का जल्द समाधान कराने का आग्रह किया है।
एसोसिएशन ने पत्र में कहा कि मंडी परिसर में जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। बारिश होने पर खुले में रखी धान की फसल पानी में बहने और खराब होने का खतरा है। इससे किसानों और आढ़तियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। मंडी में पानी जमा होने से फसल की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
एसोसिएशन ने कहा कि धान की आवक के दौरान मंडी में बड़ी मात्रा में फसल खुले में रखी जाती है, ऐसे में जलभराव की समस्या का जल्द समाधान जरूरी है। पत्र में कृषि मंत्री के पूर्व मंडी दौरे का जिक्र करते हुए कहा गया कि उस दौरान पार्किंग स्थल को करीब दो फीट ऊंचा कराने का आश्वासन दिया गया था।
एसोसिएशन ने पार्किंग स्थल को ऊंचा कराने के साथ मंडी की जलनिकासी व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की है। आढ़तियों ने कहा कि बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति दोबारा न बने, इसके लिए स्थायी व्यवस्था की जरूरत है। एसोसिएशन ने कृषि मंत्री से किसानों और आढ़तियों के हित में समस्या का जल्द समाधान कराने का आग्रह किया है।