प्रेम अस्पताल के ऑक्सीजन प्लांट से रिफिलिंग पाइप चोरी करने का मामला सामने आया है। चोरी की गई पाइप की कीमत करीब 30 हजार रुपये बताई जा रही है। चोरी की वारदात प्लांट के सीसीटीवी कैमरे में रिकार्ड हो गई है। अस्पताल के बायो मेडिकल इंजीनियर ने शहर थाना पुलिस को शिकायत दी है, जिसके आधार पर कूड़ा बीनने वाली पांच महिलाओं के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में नारनौल के ढाणी निवासी महेंद्र ने बताया कि वह पानीपत प्रेम अस्पताल में बायो मेडिकल इंजीनियर के पद पर कार्यरत है। ऑक्सीजन प्लांट के देखरेख की जिम्मेदारी उसकी है। उसने रविवार को सुबह ऑक्सीजन प्लांट चेक किया तो कंटेनर में रखी ऑक्सीजन सिलिंडर रिफिलिंग पाइप नहीं मिली। उन्होंने सीसीटीवी फुटेज चेक किया तो कूड़ा बीनने वाली पांच महिलाएं शनिवार शाम प्लांट में आईं और पाइप को कट्टों में डालकर ले गईं। थाना प्रभारी सुनील कुमार का कहना है कि जल्द ही आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनसे पाइप बरामद कर अस्पताल को लौटाई जाएगी।