संवाद न्यूज एजेंसी
सनौली (पानीपत)। स्कूल वैन पानीपत-हरिद्वार नेशनल हाईवे पर वीरवार सुबह सात बजे टायर फटने से अनियंत्रित दो बार पलटकर सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभे से टकरा गई। वैन में सवार स्कूल जा रहे नौ बच्चे और चालक घायल हो गए। राहगीरों ने घायलाें को शीशे तोड़कर वैन से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के बाद बच्चों को छुट्टी दे दी गई। वहीं चालक की हालत गंभीर है। सनौली थाना की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने वैन को अपने कब्जे में ले लिया है।
सनौली खुर्द गांव से बच्चे वैन में सवार होकर छाजपुर कलां गांव स्थित आरोही मॉडल सरकारी स्कूल में जा रहे थे। वैन में नौ बच्चे सवार थे। चालक सात बजे कुराड फॉर्म के पास पहुंचा तो वैन का टायर फट गया और वैन अनियंत्रित होकर दो बार पलटकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में वैन में सवार वंश, दीपांशु, तनिश, रितिक, कशिश, नैतिक, हर्ष, गुंजन निवासी सनौली खुर्द घायल हो गए। उसी समय पानीपत से रोडवेज बस आ रही थी। बस के यात्रियों ने वैन के अंदर से घायलों को बाहर निकाला। बच्चों को पास के ही एक अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बच्चों को छुट्टी दे दी गई। वहीं वैन चालक ही हालत गंभीर होने के कारण भर्ती कर लिया गया। उधर, हादसे की सूचना पर बच्चों के अभिभावकों में खलबली मच गई। तुरंत ही वह भी मौके पर पहुंच गए। वहीं पुलिस ने भी घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने वैन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
वर्जन
सुबह स्कूल जा रही वैन का टायर फटने से अनियंत्रित खंभे से टकरा गई थी। हादसे में स्कूली बच्चे घायल हुए थे। सभी बच्चों का उपचार कराया गया है।
-संदीप, प्रभारी थाना सनौली।
हादसे के बाद मौके पर लगी भीड़। संवाद