लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रवासी श्रमिकों और उनके परिवारों में घर लौटने की होड़ लगी हुई है। हजारों लोग छठी मैया की पूजा करने और परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए अपने घर रवाना हो रहे हैं।
ट्रेनों में सीटों का टोटा, दयनीय स्थिति
हालात यह हैं कि ट्रेनों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। कई यात्री जान जोखिम में डालकर ट्रेन के दरवाजों पर लटककर, बाथरूम के आसपास बैठकर और खड़े होकर सफर करने को मजबूर हैं। यात्रियों का कहना है कि चुनाव के समय राजनीतिक दल और नेता बिहार के लोगों को वोट के लिए याद करते हैं, लेकिन छठ जैसे बड़े त्योहार पर घर जाने के लिए अतिरिक्त ट्रेनों और ठहराव की व्यवस्था नहीं की जाती।
यात्रियों की मांगें और परेशानियां
बिहार के सिवान जिले की सुनीता मिश्रा ने बताया कि ट्रेनों में इतनी भीड़ है कि यात्रियों को चढ़ने तक की जगह नहीं मिल रही। उन्होंने सरकार से त्योहार के दौरान बिहार के लिए अतिरिक्त ट्रेनें चलाने और दिल्ली से बिहार जाने वाली ट्रेनों का पानीपत रेलवे स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की। पानीपत में रोजी-रोटी कमाने वाले हजारों यूपी-बिहार के लोग त्योहार पर अपने परिवार के पास जाना चाहते हैं, लेकिन रेल सुविधा की कमी से उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पहले भी दिल्ली से चलने वाली ट्रेनों के पानीपत में ठहराव की बात कही गई थी, लेकिन इसका कोई समाधान नहीं हुआ।
यात्री आकाश कुमार ने बताया कि दो महीने से प्रयास करने के बावजूद कन्फर्म टिकट नहीं मिल रहा है। मजबूरी में जनरल टिकट लेकर भीड़ में सफर करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में रोजगार के पर्याप्त अवसर न होने के कारण लाखों लोग दूसरे राज्यों में मजदूरी करने आते हैं, जिनमें पानीपत की फैक्ट्रियों में काम करने वाले बिहारी श्रमिक भी शामिल हैं। उन्होंने छठी मैया से कामना की कि भविष्य में उन्हें अपने गांव में ही रोजगार मिले।
छपरा जिले के उमाशंकर ने कहा कि यदि बिहार में पर्याप्त रोजगार होता तो उन्हें पानीपत जैसे दूर के शहर में काम करने नहीं आना पड़ता। छठ बिहार का सबसे बड़ा त्योहार होने के बावजूद यात्रियों की सुविधा के लिए पर्याप्त ट्रेनें नहीं चलाई जा रही हैं। लोगों को बाथरूम के आसपास बैठकर और ट्रेन के दरवाजों पर लटककर सफर करना पड़ रहा है, जिससे उनकी जान पर खतरा बना हुआ है।
दिव्यांग सतीश कुमार ने बताया कि उन्हें सफर के लिए कोई विशेष सुविधा नहीं मिल रही है। पहले पानीपत से परखा एक्सप्रेस चलती थी, जिसे अब बंद कर दिया गया है। उन्होंने मांग की कि पानीपत से बिहार के लिए कम से कम दो नियमित ट्रेनें चलाई जाएं, ताकि मजदूर और प्रवासी परिवार बिना परेशानी के अपने घर पहुंच सकें।