पानीपत। जिले के 124 सरकारी स्कूलों में विज्ञान संकाय, प्रयोगशालाओं और उपकरणों की जानकारी मांगी गई है। शिक्षा निदेशालय ने जारी पत्र में चार प्रमुख बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए हैं।
रिपोर्ट में यह स्पष्ट करना होगा कि कितने स्कूलों में विज्ञान संकाय उपलब्ध है, कितने विद्यालयों में फिजिक्स, केमिस्ट्री, बायोलॉजी व सामान्य विज्ञान की सामग्री मौजूद है। इसके साथ ही प्रयोगशालाओं में ग्लासवेयर व केमिकल की संख्या और विज्ञान उपकरणों की मांग का विवरण भी देना होगा। अमर उजाला ने 20 अप्रैल को समाचार प्रकाशित किया। इसमें लैब की स्थिति के बारे में विस्तार से जानकारी दी थी। शिक्षा विभाग इसके बाद एक्शन में आया है।
नौवीं से 12वीं कक्षा तक के सरकारी स्कूलों के मुखियाओं को यह जानकारी निर्धारित प्रारूप में भरकर भेजनी होगी, ताकि मुख्यालय स्तर पर जिले के विज्ञान प्रयोगशालाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि यह रिपोर्ट हर हाल में 23 अप्रैल तक भेजनी अनिवार्य है। जिला विज्ञान विशेषज्ञ द्वारा खंड स्तर से सभी आंकड़े एकत्रित कर संयुक्त रिपोर्ट तैयार कर डीईओ को सौंपी जाएगी, जिसे आगे मुख्यालय भेजा जाएगा।