पानीपत। जिले में डेंगू का खतरा बरकरार है। प्रतिदिन आठ-दस की औसत से डेंगू के नए मरीज आ रहे हैं। जिले में डेंगू का पॉजिटिविटी रेट 100 प्रतिशत है। सोमवार को जिला नागरिक अस्पताल के 90 सैंपल की रिपोर्ट आएगी। अब तक यहां पॉजिटिव 267 हैं। जिले के लगभग 90 निजी अस्पताल व 28 स्वास्थ्य केंद्रों में प्रतिदिन आठ हजार से अधिक ओपीडी हो रही है। हर रोज डेंगू के 1200-1500 के बीच में टेस्ट भी हो रहे हैं। निजी अस्पताल में मिलने वाले डेंगू के रोगियों के सैंपल की दोबारा जिला नागरिक अस्पताल में जांच हो रही है।
उप सिविल सर्जन डॉ. सुनील संडूजा ने बताया कि जिला नागरिक अस्पताल, समालखा सामान्य अस्पताल समेत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डेंगू जांच की सुविधा है। सभी केंद्रों में डेंगू वार्ड बनाए गए हैं। जहां डेंगू के रोगी मिल रहे हैं वहां पर लोगों की ब्लड स्लाइड तैयार की जा रही है। नगर निगम व जिला पंचायती राज विभाग वहां फॉगिंग कर रहा है।