पानीपत। सिवाह गांव में नए बस अड्डे का संचालन पूर्ण रूप से शुरू हो गया है। पहले दिन शनिवार को पानीपत से लंबे और छोटे रूटों पर चलने वाली सभी बसों को नए बस अड्डे से रवाना किया गया। पुराने अड्डे पर पहुंची सवारियों को भी रोडवेजकर्मियों ने सिटी बस से नए बस अड्डे पर पहुंचाया। नए अड्डे पर रूट बोर्ड लगने से सवारियों को काफी राहत मिली है। इसके अलावा चंडीगढ़ और सालासर के लिए दो-दो बूथ बनाए गए हैं।
साढ़े छह एकड़ में बने नए बस अड्डे पर दिल्ली और चंडीगढ़ बूथ को छोड़कर अन्य सभी बूथों पर भीड़-भाड़ की कोई स्थिति नजर नहीं आई। एक से चार नंबर के पहले चार बूथों को पानीपत से दिल्ली की ओर जाने वाले रूटों के लिए निर्धारित किया गया। चंडीगढ़ के लिए दो बूध पांच व छह नंबर और श्री सालासर के लिए बूथ 11 व 14 नंबर गए है। पांच नंबर बूथ से 17 नंबर तक के बूथों से करनाल की ओर जाने वाली बसें रवाना होंगी। वहीं 18 नंबर को सिटी सर्विस बूथ बनाया गया।
शुक्रवार को बंद हुआ था संचालन, जल्द खुलेंगे कट
पानीपत डिपो के महाप्रबंधक कुलदीप जांगड़ा ने शुक्रवार को पुराने बस स्टैंड पर बसों का आवागमन बंद करा दिया था। सिर्फ पानीपत के ग्रामीण रूटों, असंध और शामली रूट की बसों का यहां से संचालन किए जाने की अनुमति दी गई। शनिवार को जीटी रोड पर रोडवेज बसों का आवागमन ना के बराबर रहा। जिस कारण शहरवासियों को जाम से भी काफी निजात मिली। अब प्रशासनिक अधिकारी पुराने बस स्टैंड के सामने एलिवेटिड हाईवे के नीचे बने कटों को खोलने की तैयारी कर रहे हैं। ये कट रोडवेज बसों के आवागमन से जाम लगने के कारण बंद किए गए थे।
इन बूथों से मिलेगी यहां की बसें
बूथ संख्या यहां की मिलेगी बस
1 अंतराज्यीय बस अड्डा कश्मीरी गेट-दिल्ली
2 सराये काले खां, गुरूग्राम, अलवर, रेवाड़ी, जयपुर, अजमेर, पुष्कर, खाटूश्याम
3 फरीदाबाद, अलीगढ़, वृंदावन, मथुरा, आगरा, भरतपुर, श्री बालाजी, बदायूं, शाहजहांपुर, लखनऊ
4 समालखा, सोनीपत, कुंडली बॉर्डर, बहादुरगढ़, सांपला, झज्जर
5 चंडीगढ़, शिमला, रामपुर, चिंतपूर्णी, श्री ज्वाला जी, बैजनाथ, धर्मशाल, कुल्लू, मनाली, कांगड़ा
6 चंडीगढ़ सेक्टर 17, अंबाला, पंचकूला, कालका
7 राजपुरा, पटियाला, लुधियाना, जालंधर, डेरा ब्यास, अमृतसर, पठानकोट, जम्मू-कटरा,
8 करनाल, यमुनानगर, पोंटा साहिब, कुरुक्षेत्र, पिहोवा, कैथल
9 हरिद्वार, ऋषिकेश, देहरादून, बिजनौर, काठगोदाम, रामपुर, हल्दवानी, कोटद्वार, रामपुर
10 शामली, मेरठ, सहारनपुर
11 रोहतक, भिवानी, चरखी-दादरी, नारनौल, झुंझनु, सीकर, श्री सालासर, नागौर, जोधपुर, जयपुर, बूंदी, कोटा
12 इसराना, गोहाना, खानपुर पीजीआई, सींक-पाथरी, अहर, कुराना
13 मतलौडा, सफीदों, असंध, नरवाना, टोहाना, संगरूर, पटियाला
14 जींद, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, हनुमानगढ़, गंगानगर, राजगढ़, श्री सालासर, बीकानेर, जैसलमेर, बाड़मेर
15 असंध वाया कोहंड, बल्ला, सालवन, कैथल
16 नौल्था, डिडवाड़ी, खलीला, नारायणा, टिटाना, गवालड़ा, पूठर, काकौदा, पुगथला
17 बापौली, सनौली, कुराड़, गोयला, नन्हेड़ा, जौरासी, आटा, मतरौली, खोजकीपुर
18 सिटी बस(नगरीय सेवा)
अभी कैंटीन और अन्य दुकानें खुलने में लगेगा समय
नए अड्डे पर खाद्य सामग्री व अन्य दुकानें खुलने में अभी समय लगने वाला है। अनुमान है कि पीडब्ल्यूडी से बस स्टैंड को पूरी तरह हस्तांतरित करने के बाद ही डिपो प्रबंधन दुकान के लिए बोली कराएगा। फिलहाल लंबे रूट का सफर कर शहर पहुंचे यात्रियों को खाद्य सामान के लिए डिपो परिसर से बाहर एलिवेटिड हाइवे के नीचे लगी रेहड़ियों से खरीदारी करनी पड़ती है।
वर्जन
बसों का संचालन नए बस स्टैंड से ही किया जाएगा। कट खुलेंगे या नहीं, ये फैसला प्रशासन लेगा। यात्रियों की सुविधानुसार बदलाव किए जा सकते हैं।
कुलदीप जांगड़ा, महाप्रबंधक रोडवेज डिपो पानीपत