पानीपत। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा को और सुलभ बनाने की दिशा में अहम कदम उठाया है। इग्नू के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. धर्म पाल ने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा बीएएम, बीकॉमएफ और बीएससीएम पाठ्यक्रमों में एससी–एसटी छात्रों को प्रवेश शुल्क में 50 प्रतिशत की छूट दी जा रही है।
डॉ. धर्म पाल के अनुसार इस शुल्क छूट का लाभ उन्हीं छात्रों को मिलेगा जिनके माता-पिता अथवा अभिभावक की वार्षिक आय 2.5 लाख रुपये से अधिक नहीं है। इसके लिए छात्रों के पास वैध आय प्रमाण पत्र (राज्य सरकार द्वारा जारी) तथा एससी/एसटी प्रमाण पत्र (केंद्र अथवा राज्य सरकार द्वारा जारी) होना अनिवार्य है। इच्छुक अभ्यर्थियों को इग्नू की आधिकारिक प्रवेश वेबसाइट ignouadmission.samarth.edu.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान आय प्रमाण पत्र और एससी, एसटी प्रमाणपत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने होंगे।
डॉ. धर्म पाल ने बताया कि इग्नू गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है और आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि एससी–एसटी वर्ग के विद्यार्थी उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज की मुख्यधारा से जुड़ सकें। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रवेश के लिए यूजीसी डेब (डीईबी) आईडी बनाना अनिवार्य है। स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 31 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है।