पानीपत। हरियाणा अध्यापक पात्रता ( एचटेट ) परीक्षा-2024 के पंजीकृत अभ्यर्थी अब ऑफलाइन आवेदन में शुद्धि करवा सकते हैं।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. पवन कुमार ने बताया कि शिक्षा बोर्ड द्वारा एचटेट परीक्षा-2024 के पंजीकरण उपरांत अभ्यर्थियों को विवरणों में ऑनलाइन शुद्धि के लिए निशुल्क अवसर दिया गया था। अभ्यर्थियों के हित के दृष्टिगत शिक्षा बोर्ड द्वारा एचटेट परीक्षा-2024 के लिए पंजीकृत अभ्यार्थियों को विवरणों में शुद्धि के लिए एक ओर अवसर प्रदान किया है। ऐसे अभ्यर्थी जिनके नाम, पिता-माता का नाम, जन्म तिथि, ई-मेल, लिंग, फोटो, हस्ताक्षर, अंगूठे के निशान, परीक्षा स्थान व आधार नंबर में शुद्धि करवाई है वह 10 व 12 जून को सुबह नौ से चार बजे तक बोर्ड कार्यालय के कमरा नंबर- 28 में शुद्धि शुल्क सहित ऑफलाइन माध्यम से आवेदन जमा करवा सकते हैं। इसके बाद किसी भी प्रतिवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। अभ्यर्थी नवीनतम अपडेट के लिए वेबसाइट का नियमित तौर पर अवलोकन करते रहें ताकि वे किसी भी महत्वपूर्ण व अति-आवश्यक जानकारी से वंचित न रह जाएं। हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (एचटेट)-2024 लेवल-एक, दो व तीन का आयोजन 26 व 27 जुलाई 2025 ( शनिवार-रविवार ) को करवाया जाएगा। 26 को लेवल-तीन व 27 को लेवल-दो व लेवल-एक की परीक्षा आयोजित करवाई जाएगी।