मतलौडा। इंडियन ऑयल का पानीपत रिफाइनरी प्रशासन शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के पैतृक गांव कवी के राजकीय स्कूल में विभिन्न कामों पर एक करोड़ रुपये खर्च करेगा जिसमें नई साइंस लैब और कंप्यूटर लैब बनेगी। साथ ही ग्राम पंचायत की तीन एकड़ जमीन पर फलदार पौधे लगाए जाएंगे।
शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के भाई हरपाल ढांडा पानीपत रिफाइनरी के महाप्रबंधक मुकेश शर्मा के साथ शुक्रवार को कवी गांव के राजकीय स्कूल पहुंचे। उन्होंने यहां साइंस लैब का भूमि पूजन किया। रिफाइनरी के महाप्रबंधक ने गांव के राजकीय स्कूल में 28 लाख रुपये की लागत से 3 साइंस लैब बनाने की बात कही जिसमें फिजिक्स, केमिस्ट्री व बायोलॉजी की लैब बनाई जाएंगी। कन्या स्कूल में कंप्यूटर लैब बनाई जाएगी और नए शौचालयों का निर्माण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने लड़कियों को साइकिल वितरित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पंचायत की तीन एकड़ जमीन पर फलदार पौधे लगाए जाएंगे। उसकी देखरेख भी रिफाइनरी प्रशासन की ओर से पांच वर्ष तक की जाएगी। इसके बाद ग्राम पंचायत के सुपुर्द किया जाएगा। मौके पर प्रधानाचार्य सुरेश दलाल व सरपंच बिट्टू वाल्मीकि मौजूद रहे।
जिला समेत प्रदेश के सरकारी स्कूलों की स्थिति बदहाल है। पिछले दिनों ये कैसी पाठशाला अभियान चलाया था जिसमें कवी गांव के सरकारी स्कूल की कंडम स्थिति सामने आई थी। स्कूल का हॉल भी कंडम मिला और पानी निकासी न होने पर स्कूल के मुख्य गेट पर जलभराव की स्थिति पैदा हो जाती है। ग्रामीणों ने स्कूल की स्थिति में सुधार की मांग की थी। हरपाल ढांडा ने कहा कि कंडम स्कूलों को बनाया जा रहा है।