पानीपत। रिफाइनरी के आसपास गाड़ियों व टैंकरों से तेल और ज्वलनशील पदार्थ चोरी से निकालने का गोरखधंधा लगातार बढ़ रहा है। इस धंधे से जुड़े लोग गाड़ियों से केमिकल और तेल निकाल आगे महंगे दाम में बेच रहे हैं। कुछ लोग ज्वलनशील पदार्थ की बिना सुरक्षा उपकरण चोरी कर मौत का खेल खेल रहे हैं।
पुलिस की सीआईए-तीन और खाद्य एवं आपूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने रिफाइनरी रोड पर एचएसआईआईडीसी के नजदीक दो लोगों को ज्वलनशील पदार्थ एमएजी के साथ पकड़ इस खेल का भंडाफोड़ किया है। दोनों से गाड़ी से ज्वलनशील पदार्थ की दो कैन व दो ड्रम बरामद किए हैं। वे करनाल के कोहंड क्षेत्र में एक व्यक्ति को ये ज्वलनशील पदार्थ महंगे रेट में बेचते थे। थाना सदर की पुलिस ने दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस की सीआईए तीन के एएसआई रविंद्र व डीएफएससी के एएफएसओ विकास रोहिल्ला की टीम ने चार अप्रैल को रिफाइनरी रोड पर एचएसआईआईडीसी के नजदीक दबिश दी थी। यहां एक ऑल्टो कार से दो युवक से पूछताछ की। उन्होंने अपनी पहचान बोहली के दिलबाग और बालजाटान के कुलदीप के रूप में दी। गाड़ी की डिकी में दो कैन प्लास्टिक व नजदीकी चार ड्रम मिले। इनकी जांच करने पर ज्वलनशील पदार्थ मिला। दोनों के पास इसका कोई लाइसेंस या परमिट नहीं मिला।
दोनों ने पूछताछ में बताया कि तरल ज्वलनशील पदार्थ ड्राइवरों से थोड़ा-थोड़ा कर सस्ते दाम पर खरीद लेते हैं। इनको ड्रम में इकट्ठा कर लेते हैं। ज्वलनशील पदार्थ कोहंड गांव के राजू को बेच देते हैं। जिससे उनको अच्छा मुनाफा हो जाता है। वे पहले भी कई बार कई ड्राम राजू को बेच चुके हैं। कैन व ड्रम से एक-एक लीटर ज्वलनशील पदार्थ सैंपल के लिए लिया है।