अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। नोटबंदी के 49वें दिन मंगलवार को जिले के प्राइवेट बैंकों में करोड़ों का कैश पहुंचा। हालांकि, बैंक अधिकारियों ने सुरक्षा की दृष्टि से अमाउंट स्पष्ट नहीं किया, लेकिन अधिकारियों ने दावा किया कि अब लोगों की कैश की मांग पूरी हो जाएगी। उन्हें इसके लिए भटकना नहीं पड़ेगा। यह दावा बैंकों में स्पष्ट दिखा भी। एक या दो बैंक को छोड़कर कहीं पर भी कैश के लिए उपभोक्ता परेशान नहीं हुए। अधिकतर एटीएम पर भी पर्याप्त कैश मिला।
जिले में सरकारी बैंकों के साथ मंगलवार को प्राइवेट बैंकों एक्सिस, फेडरल, एचडीएफसी, कर्नाटका, वैश्य बैंक, डीसीबी और यश बैंक में कैश आरबीआई से सीधा पहुंचा। इन बैंकों में कैश आने के बाद कैश लेन-देन का कार्य सही तरीके से चला। अब बैंकों में आम दिनों की तरह ही काम होने लगा है। इसके साथ ही बैंकों के एटीएम में भी कैश डलने लगा है। बैंकों और एटीएम में कैश आने के बाद लोगों को पैसे लेने के लिए ज्यादा परेशान नहीं होना पड़ रहा। उनको बैंक या एटीएम से कुछ देर में कैश मिल रहा है।
करनाल के दिन खंडों में भेजा गया कैश
एसबीआई बैंक के मुख्य प्रबंधक सुरेंद्र पाठक ने बताया कि मंगलवार को करनाल के नीलो खेड़ी, तरावड़ी और इंद्री कस्बे में करीब 20 करोड़ रुपये भेजे गए। बताया का वहां पर कैश की डिमांड अधिक थी और आरबीआई से निर्देश आने के बाद ही कैश भेजा गया है। बैंक अधिकारी स्पेशल सिक्योरिटी के साथ इन बैंकों के लिए रवाना हुए।
एसबीआई की सभी ब्रांचों में पर्याप्त कैश
जिले के सभी एसबीआई ब्रांचों में पर्याप्त कैश मिल रहा है। जिले में एसबीआई की 16 ब्रांच है। इनमें पूरा कैश पहुंचाया दिया गया है। इससे अब ग्रामीण इलाकों के लोगों को कैश मिलने लगा है। ग्रामीण इलाकों में दो महीने से बुजुर्ग अपनी पेंशन के लिए परेशान थे। मंगलवार को ग्रामीण क्षेत्र के बैंकों में कैश पहुंचाने से उनकी परेशानी भी दूर हो गई है।
जिले में मंगलवार को कई प्राइवेट बैंकों में कैश आ चुका है। इससे अब बैंकों में आराम से काम हो रहा है। बैंकों में कैश लेने के लिए कम लोग ही आ रहे हैं। सभी लोग एटीएम से कैश निकाल रहे हैं। वहां पर भी लोगों को अधिक इंतजार नहीं करना पड़ रहा।
राकेश वर्मा, एलडीएम, पानीपत।