फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Panipat News: शहर में पांच स्थानों पर होगा रावण दहन, रूट डायवर्ट

विज्ञापन
विज्ञापन
पानीपत। शहर में पांच स्थानों पर बड़े स्तर पर मंगलवार को दशहरा मनाया जाएगा। रावण और उनके भाइयों के पुतलों का दहन शाम 5:41 बजे किया जाएगा। जिले में सबसे बड़ा रावण का पुतला श्री कृष्णा क्लब ने 101 फीट का बनवाया है। क्लब द्वारा सेक्टर-24 अग्रवाल भवन के सामने पुतलों का दहन किया जाएगा। बाकी चार स्थानों पर रावण के 70 फीट के पुतले बनाए जाएंगे। इसके साथ करीब 1200 हनुमान स्वरूप और श्रीराम की झांकियां दशहरा स्थल पर पहुंचेंगी। प्रशासन और पुलिस ने दशहरा के आयोजन को लेकर शहर के कई रूट डायवर्ट करने के साथ ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। दोपहर बाद दो से शाम सात बजे तक कई रूट डायवर्ट किए गए हैं। आयोजन स्थलों के आसपास करीब एक किलोमीटर तक की सड़कों पर दोपहिया वाहनों की भी पाबंदी रहेगी। दशहरा कमेटियों ने अपने स्तर पर सुरक्षा एवं व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए हैं।
विज्ञापन

आचार्य लालमणि पांडेय ने बताया कि दशहरा पर श्रीराम का पूजन अच्छाई पाने और रावण का पूजन बुराई त्यागने के लिए करते हैं। व्यक्ति की पांच ज्ञानेंद्री और पांच कर्मेंद्री उसके कहने पर चलें, न कि वह इनके कहने पर चलें।

श्रीराम दशहरा कमेटी बरसत रोड द्वारा सेक्टर-13-17 में रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। यहां रावण का 70 और मेघनाद व कुंभकर्ण के 65-65 फीट के पुतले बनाए गए हैं। प्रधान भीम सचदेवा ने बताया कि तीनों पुतलों को सोमवार देर रात तक खड़ा कर दिया गया। मंगलवार सुबह आठ बजे पूजन शुरू किया जाएगा।
विज्ञापन

श्री कृष्णा क्लब द्वारा विशाल दशहरा मेला सेक्टर-24 में बबैल नाके के नजदीक लगाया जाएगा। महासचिव महेश नारंग और प्रेस सचिव अजय सिंंगला ने बताया कि पहले दशहरा कटारिया लैंड सेक्टर-12 में मनाया जाता था। वहां जगह न होने के चलते सेक्टर-24 में आयोजन शुरू किया गया है। यहां रावण का 101 और कुंभकर्ण और मेघनाद के 70-70 फीट के पुतलों का दहन किया जाएगा।

श्री राम रामलीला कमेटी देवी मंदिर
द्वारा देवी मंदिर में दशहरा का आयोजन किया जाएगा। यहां श्रीराम व रावण के बीच युद्ध का कलाकारों द्वारा मंचन दिखाया जाएगा। शाम को रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया जाएगा। यहां तीर सीधा रावण की नाभि में मारा जाएगा। इसकी तकनीकी रूप से भी व्यवस्था की गई है।


दशहरा कमेटी सनौली रोड द्वारा सेक्टर-25 में दशहरा मनाया जाएगा। यहां सीसीटीवी कैमरों के अलावा ड्रोन भी लगाए गए हैं। यहां रावण का 70 और कुंभकर्ण और मेघनाद के 65-65 फीट के पुतलों का दहन किया जाएगा। प्रधान रमेश माटा ने बताया कि आयोजन की तैयारी पूरी कर ली है। रावण के पुतले का सुबह ही पूजन शुरू कराया जाएगा।

श्री सनातन धर्म मंदिर मॉडल टाउन

द्वारा शिवाजी स्टेडियम में रावण दहन किया जाएगा। प्रधान तरुण गांधी ने बताया कि रावण का पुतला 65 और कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले 65-65 फीट के होंगे। यहां मुख्यातिथि विशेष व्यक्ति को बुलाने की परंपरा नहीं है। श्रीराम अपने धनुष से तीर चलाकर रावण का दहन करेंगे। पुतलों के सर्किल में किसी को प्रवेश करने की इजाजत नहीं रहेगी।
पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने बताया कि दशहरा पर सुरक्षा व कानून व्यवस्था के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। सभी थाना व चौकी प्रभारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। पीसीआर व राइडर व डायल 112 की गाड़ियाें की गश्त निरंतर रहेगी। पुलिसकर्मी सादी वर्दी में लोगों के बीच में तैनात रहेंगे। पुलिस लाइन में एक कंपनी रिजर्व रहेगी। थाना माडल टाउन क्षेत्र में डीएसपी मुख्यालय धर्मबीर सिहं खर्ब, थाना सेक्टर 13/17 क्षेत्र में डीएसपी सतीश गौतम, थाना तहसील कैंप क्षेत्र में डीएसपी सुरेश कुमार, थाना चांदनीबाग क्षेत्र में डीएसपी नरेंद्र सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। थाना शहर, किला, समालखा, बापौली, सनौली, इसराना, सदर, पुराना औद्योगिक, सेक्टर 29 व मतलौडा में थाना प्रभारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
यातायात व्यवस्था के लिए यातायात थाना प्रभारी और दोनों जोन इंचार्ज को अलर्ट किया गया है। मंगलवार को दोपहर बाद दो बजे से शाम सात बजे तक उत्तर प्रदेश की तरफ से आने वाले सभी वाहनों को हुडा बाइपास से बाहरी जीटी रोड पर डायवर्ट किया गया है। जीटी रोड मलिक पेट्रोल पंप से मित्तल मेगा मॉल की तरफ छोटे, भारी वाहनों सहित ऑटो पर पाबंदी रहेगी। बलजीत नगर नाका से शहर की तरफ आने वाले वाहनों पर पाबंदी रहेगी। दशहरे स्थल के पास बाइक सहित कोई भी वाहन लेकर नहीं जा सकेंगे। उचित दूरी स्थित पार्किंग स्थल पर वाहन खड़ा करना होगा।
दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का पर्व है। हम सभी को अपनी बुराइयों को दूर कर समाज में अच्छाई फैलाना चाहिए। समाज में आ रही नित नई चुनौतियों का सामना करने के लिए लोगों को ज्यादा से ज्यादा जागरूक करें। समाज में अच्छे काम कर अपने आप को एक आदर्श के रूप में स्थापित करें।
विज्ञापन

- डॉ. वीरेंद्र दहिया, उपायुक्त।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें