जनता समाधान शिविर में लोगों की समस्या सुनते उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया। संवाद
पानीपत। जनता समाधान शिविर में राशन कार्ड और परिवार पहचान पत्र में त्रुटि भी ठीक नहीं हो पाई। फरियादियों को दूसरी और तीसरी बार भी बिना समाधान के दरबार से लौटना पड़ा। दरबार में 25 में से अधिकतर शिकायत राशन कार्ड और परिवार पहचान पत्र की रही।
जनता समाधान शिविर सोमवार को सुबह 10 बजे जिला सचिवालय के सभागार में शुरू किया। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि जनता समाधान शिविर का मुख्य उद्देश्य हर नागरिक की समस्या को गंभीरता से सुनकर उसका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है। हर समस्या का समाधान मौके पर या निर्धारित समय सीमा में किया जाए। नगर निगम आयुक्त डॉ. पंकज ने कहा कि सफाई व्यवस्था, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और प्रदूषण से जुड़ी शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग की ओर से संबंधित हर शिकायत को गंभीरता से लिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करना उनकी सर्वोच्च जिम्मेदारी है। प्रार्थी अंकित ने दिव्यांग पेंशन बनवाने का अनुरोध किया। मांडी गांव के राजेश ने गली निर्माण की मांग की। सरोज बाला ने पेंशन से संबंधित बैंक डिटेल निकलवाने के लिए सहायता की मांग की।