शहर के पॉश इलाके के एक पार्क में युवती के साथ दो युवकों ने शुक्रवार की रात सामूहिक दुष्कर्म किया। पहले युवती को शराब पिलाई और करीब चार घंटे तक कार में घुमाया। जिसके बाद डीएवी पार्क में सामूहिक दुष्कर्म की वारदात अंजाम दी। इसी दौरान आसपास के लोगों ने पुलिस को कॉल कर दी और मौके से ही पुलिस ने आरोपी युवकों को पकड़कर हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार की रात करीब 10:30 बजे की पॉश इलाके मॉडल टाउन के पास डीएवी पार्क से लड़की की चीखों की आवाज सुनाई दी। आसपास के लोगों को शक हुआ, जिस पर पुलिस को सूचना दी। कुछ ही मिनटों में पुलिस मौके पर पहुंची तो दो युवक युवती के साथ आपत्तिजनक स्थिति में पाए गए।
युवक और युवती शराब के नशे में धुत थे, जिस पर पुलिस ने युवती को अस्पताल में भर्ती कराया और दोनों लड़कों को हिरासत में ले लिया। लड़की के माता-पिता का पता लगाकर उन्हें सूचना दी गई। देर रात डीएसपी बिजेंद्र सिंह एवं थाना पुलिस एसएचओ सुनील कुमार ने अस्पताल में रात 12 बजे युवती के बयान लिए। हालांकि पूरे मामले में पुलिस ने कोई अधिकारिक बयान नहीं दिया है।
कार में शाम को साढ़े चार बजे ही शराब पी रहे थे चार लड़के
सूत्रों के अनुसार चार दोस्तों ने एक बोतल शराब ली और डीएवी पार्क मोड़ के पास कार खड़ी कर शराब पीने लगे। इतने में एक लड़के की गर्लफ्रेंड का फोन आ गया, जिस पर उसने गर्लफ्रेंड को भी डीएवी पार्क मोड़ पर बुला लिया। गर्लफ्रेंड अपनी एक्टिवा से मौके पर पहुंची और उसे किनारे खड़ा कर कार में बैठ गई।
चारों दोस्तों ने उसे भी शराब पिलाई। इस दौरान ब्वॉयफ्रेंड समेत चारों लड़कें कार में युवती को लेकर करीब चार घंटे तक शहर में घूमते रहे। कार को नहर के पास ले गए और दो लड़के कार से उतर गए। बाकी दोनों फिर से डीएवी मोड़ पर आए और वहां पर युवती को पार्क में ले गए और सामूहिक दुष्कर्म किया।
लड़की आईसीयू में है, जो शिकायत मिलेगी उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। बिजेंद्र सिहं, डीएसपी, पानीपत